Village Dialogue Initiated in Mirgaon Issues Addressed by Chief Development Officer राशन वितरण और खराब हैंडपंपों की शिकायतें चौपाल में गूंजीं, Auraiya Hindi News - Hindustan
More

राशन वितरण और खराब हैंडपंपों की शिकायतें चौपाल में गूंजीं

Auraiya News - विकासखंड अछल्दा की ग्राम पंचायत मिरगांव में चौपाल का आयोजन हुआ। मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी ने ग्रामीणों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। राशन वितरण में अनियमितता और खराब हैंडपंपों का मुद्दा उठाया गया। विभिन्न योजनाओं की समीक्षा भी की गई।

Fri, 12 June 2026 06:34 PMNewswrap हिन्दुस्तान, औरैया
share
राशन वितरण और खराब हैंडपंपों की शिकायतें चौपाल में गूंजीं

अछल्दा, संवाददाता। विकासखंड अछल्दा की ग्राम पंचायत मिरगांव के मजरा भोला का पुरवा स्थित पंचायत सचिवालय में शुक्रवार को चौपाल का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से योजनाओं के लाभ और जमीनी स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान ग्रामीणों ने राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत करते हुए बताया कि कोटेदार प्रति यूनिट एक किलो राशन कम देता है।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने जिला पूर्ति विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र में कई हैंडपंप खराब होने की समस्या भी उठाई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए सभी खराब हैंडपंपों को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। चौपाल में वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने लाभार्थियों से योजनाओं का फीडबैक भी लिया। कार्यक्रम के दौरान सीडीओ रामकृपाल चौधरी ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अतुल यादव, पंचायत सचिव प्रवीण कुमार, एडीओ पंचायत राजबहादुर, आंगनबाड़ी कार्यकत्री कमलेश कुमारी, ग्राम प्रधान संध्या कुमारी सहित क्षेत्र के ग्रामीण और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।