Hindi NewsUttar-pradesh NewsAuraiya NewsE-Rickshaw Accident in Achalda Six Injured Immediate Rescue Efforts
अनियंत्रित ई-रिक्शा पलटा, आधा दर्जन सवारियां घायल
Auraiya News - अछल्दा-बिधूना मार्ग पर एक ई-रिक्शा पलट गया, जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चार घायलों को अछल्दा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया, जबकि दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बिधूना रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Mon, 27 April 2026 11:44 PMNewswrap हिन्दुस्तान, औरैया
अछल्दा/रुरुगंज। अछल्दा-बिधूना मार्ग पर सवारियों से भरा ई-रिक्शा शाला बम्बा पुलिया के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और सूचना पर एंबुलेंस को बुलाया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इनमें से चार घायलों को अछल्दा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बिधूना सीएचसी रेफर किया गया है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। घायलों में 33 वर्षीय अनीता देवी पत्नी सोनू, 17 वर्षीय नेहा पुत्री सोनू निवासी नरिया का पुरवा फफूंद, 54 वर्षीय सुमन पत्नी सुरेश चंद्र निवासी सहदुल्लापुर फफूंद, रेनू पत्नी राजेश निवासी रदौली औरैया शामिल हैं। वहीं गजेंद्र निवासी बलखड़पुर रूरूगंज और मुकेश निवासी मुग्गपुर रूरूगंज को गंभीर हालत में बिधूना भेजा गया है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई। फिलहाल ई-रिक्शा के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन