Aparna Yadav husband Prateek passes away Akhilesh rushed to hospital मेहनती और गंभीर स्वभाव का था लड़का; प्रतीक यादव के निधन पर बोले अखिलेश यादव, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मेहनती और गंभीर स्वभाव का था लड़का; प्रतीक यादव के निधन पर बोले अखिलेश यादव

अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुध निधन की खबर के बाद राजनीतिक और पारिवारिक हलचल तेज हो गई। प्रतीक यादव को लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही अखिलेश यादव केजीएमयू के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।  

Wed, 13 May 2026 09:24 AMPawan Kumar Sharma लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
मेहनती और गंभीर स्वभाव का था लड़का; प्रतीक यादव के निधन पर बोले अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी (सपा) संरक्षक मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब छह बजे प्रतीक यादव को लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अभी तक मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण सामने आएगा। प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उधर, अखिलेश यादव परिवार के अन्य सदस्यों के संग केजीएमयू के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।

अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, ‘एक बहुत अच्छा लड़का, जो अपनी मेहनत से जीवन में कुछ बड़ा करना चाहता था, वह आज हमारे बीच नहीं है। यह हम सभी के लिए बेहद दुखद और भावुक क्षण है। स्वाभाविक है कि कानून और कानूनी प्रक्रिया जो कहेगी, परिवार के लोग जो निर्णय लेंगे, हम सभी उसका सम्मान करेंगे और उसी के अनुसार आगे बढ़ेंगे। करीब दो महीने पहले मेरी उनसे मुलाकात हुई थी। उस समय मैंने उनसे कहा था कि अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखिए और अपने कारोबार को आगे बढ़ाइए। वह अपने काम को लेकर काफी गंभीर और मेहनती थे। कई बार कारोबार या फाइनेंशियल नुकसान की वजह से लोग मानसिक रूप से काफी परेशान हो जाते हैं और अंदर ही अंदर तनाव में रहने लगते हैं। आज वह हमारे बीच नहीं हैं। यह परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि उन्हें जानने वाले हर व्यक्ति के लिए बड़ी क्षति है। अब जो भी कानूनी प्रक्रिया होगी, हम उसी रास्ते पर आगे बढ़ेंगे और परिवार के साथ खड़े रहेंगे।’

प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी। देश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद प्रतीक राजनीति से दूर थे। उनका रियल एस्टेट और फिटनेस का बिजनेस था। वह लखनऊ में 'द फिटनेस प्लेनेट' नामक जिम के मालिक थे। इसके अलावा वह 'जीव आश्रय' नाम की संस्था भी चलाते थे जो स्ट्रीट डॉग्स का इलाज और देखभाल करती है। प्रतीक यादव की शादी अपर्णा यादव से हुई थी। अपर्णा यादव भाजपा की तेजतर्रार नेता हैं और वर्तमान में यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। प्रतीक यादव के निधन से यादव परिवार और उनके करीबियों में शोक की लहर है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।