केजीएमयू का एक और डॉक्टर छात्रा से शारीरिक शोषण में गिरफ्तार, केस के 15 दिन बाद एक्शन
लखनऊ का केजीएमयू पिछले कुछ दिनों से डॉक्टर के रेप और धर्मांतरण की कोशिश के कारण छाया हुआ है। इस बीच एक और डॉक्टर पर छात्रा का शारीरिक शोषण करने का आरोप लगा है। डॉक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

लखनऊ के केजीएमयू में एक और शारीरिक शोषण का मामला आय़ा है। इस बार भी एक डॉक्टर पर ही आरोप लगा है। यहीं की नर्सिंग छात्रा ने डॉक्टर पर प्रेम जाल में फंसाने, शादी का झांसा देने और अपने फ्लैट पर बुलाकर गलत काम करने का आरोप लगाया है। डॉक्टर ने छात्रा के अश्लील वीडियो भी बनाए हैं और उसे वायरल करने की धमकी दे रहा है। छात्रा ने इसकी शिकायत 29 दिसंबर को ही की थी और केस भी दर्ज हुआ लेकिन राजधानी की तेज तर्रार पुलिस जांच के नाम पर अब 15 दिन बाद डॉक्टर को गिरफ्तार कर सकी है। पिछले कुछ दिनों से केजीएमयू रेप के मामले को लेकर ही छाया हुआ है। यहां के डॉक्टर रमीज पर रेप करने और धर्मांतरण की कोशिश का आरोप लगने के बाद गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार केजीएमयू से इंटर्नशिप कर रहे एमबीबीएस डॉक्टर मो. आदिल को गिरफ्तार किया है। आदिल कैसरबाग इलाके के आगा साहब की कोठी स्थित फ्लैट में रहता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जेल भेजा गया है। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक अलीगंज स्थित पीजी में रहने वाली एक छात्रा की कुछ समय पहले आरोपी मो. आदिल से मुलाकात हुई थी। छात्रा का आरोप है कि आदिल ने उससे दोस्ती की। दोस्ती के बाद उसने प्रेमजाल में फंसाया और उसके बाद शादी का झांसा देकर अपने फ्लैट में बुलाया। आरोप है कि वहां डॉक्टर ने उसका यौन शोषण किया।
छात्रा के अनुसार कुछ दिनों तक सब ठीक चलता रहा, लेकिन पीड़िता ने जब आरोपी पर शादी का दबाव बनाया तो वह मुकर गया। बात बढ़ने पर आरोपी ने छात्रा से गाली-गलौज करते हुए अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। परेशान युवती ने 29 दिसंबर को कैसरबाग थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस के मुताबिक केस दर्ज होने के बाद पीड़ित का मजिस्ट्रेट के सामने बयान कराया गया। बयान में भी पीड़िता ने आरोप लगाए। गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।




साइन इन