जाति-पाति के भेदभाव को भुलाकर सशक्त समाज का निर्माण जरूरी : प्रेमानंद महाराज
Amroha News - हसनपुर में आयोजित हिन्दू सम्मेलन में समाज को नई दिशा देने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने सामाजिक कुरीतियों को त्यागने और एकजुट होने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि डॉ.स्वामी प्रेमानंद जी ने जाति-पाति के भेदभाव को भुलाकर सशक्त समाज बनाने पर जोर दिया और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाने की अपील की।

हसनपुर, संवाददाता। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे शताब्दी वर्ष पर क्षेत्र के गांव नगलिया मुंशी में बुधवार को आयोजित हिन्दू सम्मेलन में एकजुट होकर समाज को नई दिशा देने की अपील करते हुए राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने सामाजिक कुरीतियों को त्याग कर राष्ट्र हित में एकजुट होने का आह्वान किया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर डॉ.स्वामी प्रेमानंद जी महाराज ने कहा कि समाज की उन्नति तभी संभव है, जब हम अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहें। उन्होंने सामाजिक समरसता पर विशेष बल देते हुए कहा कि जाति-पाति के भेदभाव को भुलाकर एक सशक्त समाज का निर्माण करना ही आज की महती आवश्यकता है।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को धार्मिक कर्तव्य बताते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। विशिष्ट अतिथि विभाग प्रचारक संभल शरद कुमार और विहिप के विभाग संगठन मंत्री गौरव कुमार ने स्वदेशी अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक मजबूती के लिए स्वदेशी उत्पादों का उपयोग अनिवार्य है। वक्ताओं ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि हमें केवल अपने अधिकारों की बात नहीं करनी चाहिए, बल्कि देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन भी पूरी निष्ठा से करना चाहिए। सम्मेलन की अध्यक्षता कृष्ण कुमार शर्मा और संचालन रूपचंद चौहान ने किया। आयोजन के दौरान वक्ताओं ने समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर राष्ट्र की तरक्की में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान तहसील प्रचारक सचिन कुमार, सीता आर्या, करन सिंह, खड़क सिंह, टेकचंद चौहान, नरेंद्र चौहान, टिंकू चौहान, महिपाल सिंह, छत्र सिंह सैनी, मुरारी प्रजापति, रज्जन सिंह वाल्मीकि, रामरतन जाटव, कमल ठाकुर, उमेश सैन, बलवंत सिंह, वीर सिंह, संजीव चौहान, ओमवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन