कार से उतर रहे बसपा नेता को अज्ञात वाहन ने रौंदा, नोएडा के अस्पताल में मौत
Amroha News - 70 वर्षीय बसपा नेता नूर अब्बास राणा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह अपने घर के पास कार से उतर रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें रौंद दिया। गंभीर अवस्था में उन्हें नोएडा के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन से परिवार और कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।

नौगावां सादात, संवाददाता। 70 वर्षीय वरिष्ठ बसपा नेता और समाजसेवी नूर अब्बास राणा की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह घर के बाहर कार से उतर रहे थे, उसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। रेफर किए जाने पर परिजन उन्हें नोएडा ले गए थे, जहां प्राइवेट अस्पताल में उपचार के दौरान नूर अब्बास राणा ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर से परिजनों के अलावा कस्बे में कोहराम मच गया। समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बगैर शुक्रवार को शव को सुपुर्दे खाक कर दिया। मृतक नूर अब्बास राणा बसपा के संस्थापक सदस्य थे।
इसके अलावा वह नौगावां सादात ताजिया कमेटी के जनरल सेक्रेटरी के अलावा अंजुमन-ए-आब्दिया के अध्यक्ष भी थे। परिवार में पत्नी महजबीन फातिमा, बड़ी बेटी कशी बतूल और सायमा और बेटा रेहान अब्बास और छोटा बेटा आजम हैं। परिजनों के मुताबिक नूर अब्बास राणा गुरुवार को बिजनौर जिले के जोगीरमपुरा स्थित दरगाह-ए-आलिया नजफ-ए-हिन्द से वापस लौटे थे। रात में करीब साढ़े आठ बजे जब वह नौगावां सादात-अमरोहा रोड स्थित अपने घर के पास कार से उतर रहे थे कि तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद गंभीर घायल नूर अब्बास राणा को तुरंत पहले अमरोहा में जोया रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए नोएडा ले गए, जहां एक अस्पताल में उनकी मौत हो गई। सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका के चलते क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया और पंचनामा भरवाकर शुक्रवार अपराह्न शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन