इलाहाबाद बना प्रयागराज, फैजाबाद हुआ अयोध्या, अब मुस्तफाबाद होगा कबीर धाम, सीएम योगी का ऐलान
सीएम योगी ने सोमवार को लखीमपुर खीरी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहले इलाहाबाद को प्रयागराज और फैजाबाद को अयोध्या बनाया गया। अब मुस्तफाबाद को कबीर धाम बनाया जाएगा। सवाल उठाया कि यहां एक भी मुस्लिम नहीं फिर भी यह नाम दिया गया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर के मुस्तफाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब मुस्तफाबाद का नाम बदलकर कबीर धाम किया जाएगा। योगी ने जोर देकर कहा कि इस गांव में एक भी मुस्लिम परिवार नहीं है, फिर भी सेक्युलरिज्म के नाम पर इसका नाम मुस्तफाबाद रखा गया, जो पाखंड है। उन्होंने घोषणा की कि आज से इस गांव का नाम मुस्तफाबाद नहीं, कबीर धाम आश्रम होगा।
मुख्यमंत्री ने मुस्तफाबाद का नाम बदलने की घोषणा करते हुए कहा कि यह कदम सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जनन देने का हिस्सा है। पहले इलाहाबाद को प्रयागराज और फैजाबाद को अयोध्या बनाया गया, और अब मुस्तफाबाद कबीर धाम के रूप में जाना जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि सेक्युलरिज्म के नाम पर गलत परंपराएं थोपी गईं, लेकिन अब विकास और विरासत साथ-साथ चल रहे हैं।
कहा कि 2014 से पहले देश अपनी पहचान खो चुका था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी ताकत का एहसास कराया। आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है, जहां केवल अमेरिका, चीन और भारत ही शीर्ष पर होंगे। उन्होंने कहा कि 2014 में मोदी जी के नेतृत्व में देश को अपनी सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान मिली।
डबल इंजन सरकार का विकास मॉडल
योगी ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना से 50 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। रसोई गैस, शौचालय और राशन जैसी योजनाओं ने जनता का जीवन आसान बनाया है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारी खजाने को लूटने और हिंदू आस्था पर प्रहार करने का मकसद था। पहले लोग कहते थे कि राम और कृष्ण का अस्तित्व ही नहीं था, लेकिन अब अयोध्या में भव्य राम मंदिर और काशी में विश्वनाथ कॉरिडोर बनाकर सनातन संस्कृति को सम्मान दिया जा रहा है।
धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण
योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर ध्यान दिया है। पहले सरकारी धन कब्रिस्तान की बाउंड्री बनाने में खर्च होता था, लेकिन अब अयोध्या, काशी और अन्य धार्मिक स्थलों का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले अयोध्या में राम मंदिर को सपना बताया जाता था, लेकिन अब यह हकीकत है। सनातन आस्था पर प्रहार करने की किसी की हिम्मत नहीं है।
विपक्ष पर हमला
योगी ने विपक्ष पर हिंदू आस्था को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले विपक्ष का मकसद था हिंदू आस्था पर प्रहार करना और सरकारी खजाने को लूटना। लेकिन अब डबल इंजन सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक गौरव को बढ़ा रही है।




साइन इन