Ramadan shows the path to change through austerity and penance. तप, तपस्या से तब्दीली की राह दिखाता रमजान, Aligarh Hindi News - Hindustan
More

तप, तपस्या से तब्दीली की राह दिखाता रमजान

फज्र की अजान के साथ जब पहले रोजे की सुबह हुई तो शहर की फिजा में एक अलग ही सुकून और रौनक थी। सहरी की हलचल, मस्जिदों की ओर बढ़ते कदम और युवाओं के चेहरों पर झलकता आत्मविश्वास। यह सिर्फ एक धार्मिक रस्म की शुरुआत नहीं, बल्कि आत्मअनुशासन और समाज से जुड़ने के संकल्प का दिन था।

Fri, 20 Feb 2026 07:11 PMSunil Kumar हिन्दुस्तान
share
तप, तपस्या से तब्दीली की राह दिखाता रमजान

हिन्दुस्तान समाचार पत्र के अभियान बोले अलीगढ़ के तहत गुरुवार को टीम ने पहले रोजे पर ऊपरकोट स्थित जामा मस्जिद का रुख किया। इस दौरान रोजेदारों ने संवाद में अपनी पूरी दिनचर्या बताई। उन्होंने बताया कि रात करीब साढ़े तीन बजे से घरों में हलचल शुरू हो गई। युवाओं ने अलार्म लगाकर खुद को उठाया। कई घरों में बेटों ने मां के साथ सहरी की तैयारी में हाथ बंटाया। खजूर, फल, दही, पराठे और पानी के साथ सहरी पूरी हुई। फज्र की नमाज़ के बाद कुछ युवाओं ने कुरआन की तिलावत की और फिर थोड़ी देर आराम किया।

रोजेदारों ने बताया कि पहला रोजा इस बार केवल भूख-प्यास का अभ्यास नहीं रहा, बल्कि आत्मसंयम और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश लेकर आया। युवाओं ने तय किया कि पूरे रमजान वे समय की पाबंदी, बुरी आदतों से दूरी और जरूरतमंदों की मदद जैसे संकल्प निभाएंगे। पहले रोजे ने शहर में यह संदेश दिया कि रमजान सिर्फ धार्मिक कर्तव्य नहीं, खुद को बेहतर इंसान बनाने का अवसर है। सहरी की सादगी से लेकर तरावीह की रौनक तक, हर पल में सब्र, सेवा और समर्पण की झलक दिखी। नई पीढ़ी ने साफ कर दिया कि वह रमजान को केवल निभाएगी नहीं, पूरे एहसास के साथ जिएगी।

फज्र के बाद इबादत और आत्ममंथन

रोजेदारों ने बताया कि सुबह की नमाज के लिए बड़ी संख्या में युवा जामा मस्जिद समेत शहर की अन्य मस्जिदों मस्जिदों में पहुंचे। नमाज के बाद दुआओं में देश की तरक्की और परिवार की सलामती की कामना की गई। कई छात्रों ने घर लौटकर ऑनलाइन क्लास या परीक्षा की तैयारी की।

दिन का समय: पढ़ाई, नौकरी और संयम की परीक्षा

रोजे के साथ पढ़ाई और नौकरी निभाना युवाओं के लिए चुनौती भी रहा। एएमयू के छात्रों ने लाइब्रेरी में बैठकर पढ़ाई जारी रखी। कुछ कामकाजी युवा ऑफिस पहुंचे। दिनभर पानी तक न पीने के बावजूद चेहरे पर सब्र और सुकून दिखा। कई युवाओं ने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर खुद को इबादत और आत्मचिंतन में लगाया।

दोपहर बाद, समाजसेवा की पहल

दोपहर के बाद कुछ युवाओं ने गरीब बस्तियों में राशन और इफ्तार किट बांटने की तैयारी की। कई जगह युवाओं ने मिलकर मस्जिदों और आसपास की सफाई की। इस बार पहला रोजा सेवा और जिम्मेदारी का भी प्रतीक बना।

इफ्तार की तैयारी, परिवार के साथ जुड़ाव

शाम होते-होते घरों में इफ्तार की तैयारी शुरू हो गई। युवाओं ने बाजार से फल और सामान लाकर घरवालों की मदद की। खजूर, फलों की चाट, पकौड़े और शरबत के साथ इफ्तार सजाया गया। अजान के साथ रोजा खोला गया तो चेहरे पर संतोष और कृतज्ञता साफ दिखी।

मगरिब से तरावीह तक रूहानी माहौल

मगरिब की नमाज के बाद लोग मस्जिदों की ओर रवाना हुए। तरावीह में युवाओं की संख्या खास रही। मस्जिदों में कुरआन की आयतें गूंजती रहीं और देर रात तक इबादत का सिलसिला चलता रहा। कुछ युवाओं ने घर लौटकर दिनभर के अनुभव अपनी किताब और सोशल मीडिया पर साझा किए, लेकिन ज्यादातर ने इसे आत्मिक अनुभव तक सीमित रखा।

युवाओं और बच्चों का बढ़ा रुझान, रमजान में नई ऊर्जा

रमजान के पहले रोजे में इस बार युवाओं और बच्चों की भागीदारी खास तौर पर बढ़ी हुई नजर आई। मस्जिदों में फज्र और तरावीह की नमाज़ के दौरान बड़ी संख्या में युवा और बच्चे शामिल हुए। कई बच्चों ने अपना रोजा पूरे उत्साह के साथ रखा और परिवार से शाबाशी पाई। युवाओं में भी बदलाव साफ दिखा। सोशल मीडिया पर सिर्फ मुबारकबाद तक सीमित रहने के बजाय कई युवा इबादत, कुरआन की तिलावत और समाजसेवा से जुड़ते नजर आए। कुछ समूहों ने जरूरतमंदों के लिए इफ्तार किट तैयार की, तो कई ने मस्जिदों की सफाई और व्यवस्था में सहयोग किया। अभिभावकों का कहना है कि नई पीढ़ी रमजान को केवल परंपरा नहीं, बल्कि अनुशासन, सब्र और जिम्मेदारी की सीख के रूप में अपना रही है। बच्चों में रोजा रखने की जिद और युवाओं में इबादत के प्रति गंभीरता ने माहौल को और भी रूहानी बना दिया है।

बोले लोग

सुबह से शाम तक हर घड़ी यह एहसास रहा कि मैं एक इम्तिहान में हूं। लेकिन यह इम्तिहान सुकून देता है। इफ्तार के वक्त जब दुआ के लिए हाथ उठाए, तो आंखें खुद नम हो गईं।

अतहर शमीम

...........................

पहला रोजा मेरे लिए अलार्म से नहीं, अजान की आवाज़ से शुरू हुआ। सहरी में कम खाया, लेकिन नीयत मजबूत रखी। दिनभर प्यास लगी तो खुद को समझाया कि यही सब्र की असली सीख है। इफ्तार में पहला घूंट पानी का जैसे रहमत बनकर उतरा।

हाजी शफीक उल हक

..............................

सुबह उनींदी आंखों से उठकर जब नमाज़ पढ़ी, तो दिल में अजीब सी शांति उतर आई। काम की भागदौड़ रही, लेकिन रोजे ने गुस्से और जल्दबाज़ी पर रोक लगाई। शाम को इफ्तार के वक्त लगा कि आज खुद पर जीत हासिल की।

मो. अशरफ

..........................

पहला रोजा मेरे लिए मोबाइल से दूरी और खुद से नजदीकी का दिन रहा। सहरी के बाद कुरआन पढ़ा। दिनभर कम बोला, ज्यादा सोचा। इफ्तार पर परिवार के साथ बैठना सबसे बड़ी नेमत लगा।

मेहराजउद्दीन

...........................

दिन की शुरुआत अजान की आवाज से हुई। सहरी में सादगी थी, लेकिन माहौल में बरकत थी। दोपहर की गर्मी में प्यास सताई, पर दुआ याद आई। तरावीह के बाद लगा जैसे पूरा दिन इबादत में ढल गया।

मो. आदिल

.......................

पहला रोजा सिर्फ भूखा रहना नहीं था। मैंने कोशिश की किसी से सख्त लहजा न हो। दिनभर खुद को शांत रखा। इफ्तार से पहले जरूरतमंद को खाना दिया, तब लगा रोजे का मकसद समझ आया।

गयाज

....................

सहरी के वक्त घर में हल्की रोशनी और धीमी आवाजों का अपना सुकून होता है। दिनभर काम के बीच कई बार पानी याद आया, मगर सब्र रखा। इफ्तार में खजूर खाते ही थकान जैसे उड़ गई।

शाहिद

.......................

पहला रोजा मेरे लिए आत्मचिंतन का दिन रहा। नमाज के बाद बैठकर अपनी गलतियों पर सोचा। दिनभर कम बोलकर ज्यादा सुनने की कोशिश की। शाम को लगा कि दिल हल्का हो गया है।

मो. रिहान

............................

पहले रोज़े में सबसे ज्यादा एहसास भूख का नहीं, बल्कि उन लोगों का हुआ जिनके पास रोज खाना नहीं होता। इसलिए शाम को इफ्तार से पहले खाना बांटा। दिल को अलग सुकून मिला।

शाहिद

.......................

सहरी में परिवार के साथ बैठना, नमाज के बाद खामोशी में बैठना। ये पल खास थे। दिनभर खुद को व्यस्त रखा। शाम को अजान की आवाज़ जैसे इंतजार का इनाम लगी।

जहीर अहमद

........................

सुबह की सहरी में जो अपनापन होता है, वही पूरे दिन ताकत देता है। पहला रोज़ा मुझे धीमा होना सिखा गया। हर काम सोचकर किया। किसी से बहस नहीं की। शाम को इफ्तार में सिर्फ खाना नहीं, बल्कि शुक्र अदा किया।

मो. शाजेब

.......................

सुबह की ठंडी हवा और फज्र की नमाज़ ने दिन आसान बना दिया। दोपहर में थकान आई, लेकिन कुरआन की कुछ आयतें पढ़ीं तो हिम्मत मिल गई। तरावीह में शामिल होकर दिन पूरा हुआ।

मो. हारिस

.....................

पहले रोजे में खुद से वादा किया कि इस महीने शिकायत कम करूंगा। दिनभर सब्र रखा। इफ्तार के वक्त लगा कि छोटी-छोटी नेमतों की कीमत समझ में आने लगी है।

मो. जावेद

..........................

सहरी की सादगी और शाम की रौनक पहला रोजा इन्हीं दो सिरों के बीच बीता। बीच का हर पल सब्र और इंतजार से भरा रहा। तरावीह में सुकून मिला। हर नमाज समय पर पढ़ी। काम भी समय से किया।

नवेद

.....................

दिनभर प्यास लगी, लेकिन जब भी मुश्किल लगी तो दुआ याद की। काम भी किया और मुस्कुराकर बात की। रोजे ने सिखाया कि हालात जैसे भी हों, रवैया अच्छा रखना चाहिए।

नाजिम अली

........................

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।