वौ सैनिक है, वही भारत की शान है
कोहरे में लिपटे शहर के मैदानों में जब सुबह चार बजे युवाओं के कदम दौड़ते हैं, तो वह सिर्फ शारीरिक अभ्यास नहीं होता। वह देश के लिए कुछ कर गुजरने की तैयारी होती है। आज के अलीगढ़ के उस युवा की, जो अग्निवीर बनकर भारतीय सेना का हिस्सा बनना चाहता है।
15 जनवरी सेना दिवस के मौके पर हिन्दुस्तान टीम ने उन युवाओं से संवाद किया, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अनुशासन, परिश्रम और संकल्प के साथ वर्दी पाने की राह पर डटे हुए हैं।15 जनवरी को देश भारतीय थल सेना दिवस मना रहा है। यह वही दिन है जब 1949 में भारतीय सेना को पहला भारतीय सेनाध्यक्ष मिला और सेना ने आत्मनिर्भर नेतृत्व की दिशा में ऐतिहासिक कदम रखा। सेना दिवस केवल उत्सव नहीं, उन वीरों को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। इस अवसर से पहले अलीगढ़ जिले में युवाओं का उत्साह और जोश साफ नजर आ रहा है। शहर के पार्क, खाली मैदान, स्कूल के खेल परिसर और रेलवे लाइन के किनारे सुबह-शाम अभ्यास करते युवा यह दिखा रहे हैं कि सेना आज भी युवाओं की पहली पसंद है। पीएसी, तालानगरी, जिला स्टेडियम, जवां, अतरौली, इगलास, खैर, टप्पल क्षेत्र के युवा अग्निवीर भर्ती की तैयारी में जुटे हुए हैं।
हिन्दुस्तान समाचार पत्र के अभियान बोले अलीगढ़ के तहत टीम ने बुधवार को शहर में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने बताया कि अधिकांश युवा अपने स्तर पर ही तैयारी कर रहे हैं। दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद और शारीरिक दक्षता के लिए वे स्वयं अनुशासन बनाकर अभ्यास करते हैं। कई युवाओं का कहना है कि निजी प्रशिक्षण संस्थान महंगे हैं, इसलिए आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए तैयारी और भी कठिन हो जाती है। इसके बावजूद युवाओं के हौसले में कोई कमी नहीं है। युवाओं और पूर्व सैनिकों का मानना है कि अगर जिले में सरकारी या मान्यता प्राप्त सैन्य प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएं, तो न केवल तैयारी का स्तर बेहतर होगा, ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी समान अवसर मिल सकेगा। इससे सेना में अलीगढ़ के युवाओं की भागीदारी और बढ़ेगी।
अलीगढ़ की पहचान सिर्फ शिक्षा और तालों तक सीमित नहीं है। यह जिला लंबे समय से देशसेवा की भावना से जुड़ा रहा है। यहां के कई परिवारों में आज भी पूर्व सैनिकों की कहानियां युवाओं को प्रेरणा देती हैं। दादा और पिता की वर्दी की यादें आज की पीढ़ी को सेना की ओर आकर्षित कर रही हैं। भारतीय सेना की वीरता केवल युद्धभूमि तक सीमित नहीं है। प्राकृतिक आपदाओं, आतंरिक सुरक्षा और मानवीय सहायता में सेना की भूमिका युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। यही कारण है कि अलीगढ़ का युवा सेना को सम्मान, सुरक्षा और राष्ट्रसेवा का सबसे बड़ा मंच मानता है।
शिकायत
-जिले में सरकारी स्तर का कोई स्थायी सैन्य प्रशिक्षण केंद्र मौजूद नहीं है।
-अभ्यास के लिए उपयुक्त और सुरक्षित मैदानों की भारी कमी बनी हुई है।
-निजी कोचिंग संस्थानों की फीस आम युवाओं के लिए बहुत अधिक है।
-सेना भर्ती से जुड़ी सही और समय पर जानकारी युवाओं तक नहीं पहुंच पाती।
-सार्वजनिक खेल मैदानों पर अतिक्रमण के कारण अभ्यास बाधित होता है।
-दौड़ अभ्यास के दौरान सड़क सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं होती।
-स्कूल और कॉलेज के खेल मैदान अभ्यास के लिए उपलब्ध नहीं कराए जाते।
-ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संसाधन और बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं।
-ठंड, गर्मी और बारिश में अभ्यास के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है।
-युवाओं की समस्याओं को सुनने के लिए कोई स्थायी मंच या सहायता केंद्र नहीं है।
सुझाव
-जिले में एक सरकारी मान्यता प्राप्त सैन्य प्रशिक्षण केंद्र खोला जाए।
-हर ब्लॉक स्तर पर अभ्यास के लिए खुले और सुरक्षित मैदान विकसित किए जाएं।
-आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए निःशुल्क या रियायती प्रशिक्षण व्यवस्था हो।
-सेना भर्ती से जुड़ी जानकारी के लिए जिला स्तर पर जागरूकता शिविर लगाए जाएं।
-सुबह और शाम के समय सार्वजनिक मैदान युवाओं के लिए सुरक्षित रखे जाएं।
-स्कूल और कॉलेज के खेल परिसर निर्धारित समय पर अभ्यास के लिए खोले जाएं।
-दौड़ अभ्यास के लिए सुरक्षित ट्रैक और मार्ग चिन्हित किए जाएं।
-पूर्व सैनिकों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से जोड़ा जाए।
-ग्रामीण युवाओं के लिए खेल सामग्री और फिटनेस संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
-युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर पर हेल्पडेस्क बनाई जाए।
बोले अलीगढ़.....
वर्जन
हमने बचपन से सैनिकों को देश की रक्षा करते देखा है। सेना हमारे लिए सम्मान और अनुशासन का प्रतीक है। रोज सुबह अभ्यास कर हम खुद को उस दिन के लिए तैयार करते हैं, जब हमें भी तिरंगे की रक्षा का मौका मिलेगा।
गीता
....................
सेना में जाना सिर्फ नौकरी नहीं है। यह अपने परिवार, गांव और देश का नाम रोशन करने का अवसर है। शहर के युवा सीमित संसाधनों में भी पूरी मेहनत के साथ तैयारी कर रहे हैं।
मान्या
........................
अग्निवीर बनने का सपना हमें रोज जल्दी उठने और खुद पर नियंत्रण रखना सिखाता है। थकान होती है, लेकिन जब देशसेवा का ख्याल आता है तो सारी परेशानी छोटी लगने लगती है।
निशा
......................
हमने अपने बुजुर्गों से सेना की कहानियां सुनी हैं। उन्हीं कहानियों से प्रेरणा लेकर हम मैदान में उतरते हैं। वर्दी पहनकर देश के लिए कुछ करने की इच्छा हमें लगातार आगे बढ़ाती है।
यति शर्मा
.......................
सेना दिवस हमें याद दिलाता है कि देश सुरक्षित है तो हमारी वजह से नहीं, उन जवानों की वजह से है जो सीमा पर तैनात हैं। हम भी उसी रास्ते पर चलना चाहते हैं।
योगेश
........................
शहर के गांवों में युवाओं का जोश देखते ही बनता है। सुबह-सुबह दौड़ते हुए सभी के मन में एक ही सपना होता है कि एक दिन सेना में चयन होकर परिवार का नाम रोशन करें।
सचिन
......................
देश सेवा की भावना हमें एकजुट रखती है। हम साथ में अभ्यास करते हैं, एक-दूसरे को प्रोत्साहित करते हैं और अनुशासन में रहना सीखते हैं। यही सेना की असली तैयारी है।
धर्मेंद्र
......................
सेना में भर्ती होने के लिए शारीरिक और मानसिक मजबूती जरूरी है। हम खुद को हर दिन बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं, क्योंकि वर्दी पाने के लिए सिर्फ इच्छा नहीं, मेहनत भी चाहिए।
नरेश
.....................
जब तिरंगा लहराता है तो गर्व महसूस होता है। उसी गर्व को जीवनभर निभाने के लिए सेना में जाने का सपना देखा है। अलीगढ़ का युवा हर चुनौती के लिए तैयार है।
जतिन
.......................
सेना हमें त्याग और जिम्मेदारी का मतलब समझाती है। हम जानते हैं कि यह रास्ता आसान नहीं है, फिर भी देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा हमें पीछे नहीं हटने देता।
कमल
...........................
आज के समय में युवा अनुशासन सीखना चाहते हैं और सेना इससे बेहतर मंच नहीं हो सकता। रोज की मेहनत हमें मजबूत बना रही है और आत्मविश्वास भी बढ़ा रही है।
अंश
........................
हमारे लिए सेना सिर्फ वर्दी नहीं, एक पहचान है। यह पहचान हमें समाज में सम्मान दिलाती है और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी मजबूत करती है।
चेतन ठाकुर
..........................
अलीगढ़ के युवाओं में देश के लिए कुछ करने की ललक साफ दिखाई देती है। चाहे संसाधन कम हों, लेकिन मेहनत और लगन में कोई कमी नहीं है।
प्रशांत भारद्वाज
............................
सेना दिवस हमें प्रेरित करता है कि हम अपने लक्ष्य पर डटे रहें। जिन जवानों ने देश के लिए बलिदान दिया, उनकी याद हमें और मजबूती से आगे बढ़ने का हौसला देती है।
गजेंद्र
..........................
हम जानते हैं कि सेना में चयन आसान नहीं है। फिर भी रोज अभ्यास करके खुद को साबित करने की कोशिश करते हैं, ताकि देश को हम पर गर्व हो सके।
निशांत
...........................
देश की सुरक्षा सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसी जिम्मेदारी को समझते हुए हम अग्निवीर बनने की तैयारी कर रहे हैं और खुद को हर दिन मजबूत बना रहे हैं।
यश
........................
सेना में जाना हमारे लिए सेवा का मार्ग है। यहां से हमें अनुशासन, ईमानदारी और साहस सीखने को मिलता है, जो जीवनभर हमारे साथ रहता है। हमारी तैयारी जारी रहेगी।
शिवा दीक्षित
..........................
जब हम सैनिकों को सलाम करते हैं, तब मन करता है कि एक दिन वही वर्दी पहनें। यही सपना हमें रोज मैदान तक खींच लाता है। जिले के युवाओं में जज्बा बरकरार है।
लोकेश
......................
अलीगढ़ का युवा मेहनत से पीछे नहीं हटता। चाहे ठंड हो या गर्मी, अभ्यास जारी रहता है, क्योंकि लक्ष्य बड़ा है और देशसेवा सर्वोपरि है। देहात क्षेत्र में रोजाना युवा जज्बे के साथ अभ्यास करते हैं।
साहिल
......................
सेना हमें आत्मनिर्भर बनाती है और समाज को दिशा देती है। इसी सोच के साथ हम तैयारी कर रहे हैं और अपने भविष्य को देश से जोड़कर देख रहे हैं।
सचिन
.....................
देश के लिए कुछ कर गुजरने का अवसर हर किसी को नहीं मिलता। सेना हमें यह मौका देती है, इसलिए हम पूरी ईमानदारी से तैयारी में जुटे हैं। ये हमारे लिए बड़ी गौरव की बात है।
प्रियांशु
.......................
हम मानते हैं कि सेना में जाने से सिर्फ हमारा जीवन नहीं बदलता, हमारे परिवार और गांव को भी एक नई पहचान मिलती है। हर किसी के बस की बात नहीं है देश की सेवा करना।
मयंक
.......................
सेना दिवस पर हमें यह एहसास होता है कि देश की आजादी सुरक्षित हाथों में है। उसी सुरक्षा कवच का हिस्सा बनने का सपना हम रोज देखते हैं। युवाओं को सेना में जाने के लिए आगे आना चाहिए।
प्रभात कुमार
.........................
जिले के युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत है। सेना में जाने की चाह हमें जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज के लिए अच्छा करने की प्रेरणा देती है।
समीर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन