Akhilesh Yadav targets Centre over US H1-B visa fee hike calls foreign policy failure अमेरिका के एच1-बी वीजा शुल्क वृद्धि पर अखिलेश का केंद्र पर निशाना, विदेश नीति को बताया विफल, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

अमेरिका के एच1-बी वीजा शुल्क वृद्धि पर अखिलेश का केंद्र पर निशाना, विदेश नीति को बताया विफल

समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने अमेरिका द्वारा एच1-बी वीजा शुल्क बढ़ाए जाने के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि भारत की विदेश नीति और आर्थिक नीतियां 'विफल' हो गई हैं।

Sat, 20 Sep 2025 04:54 PMDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
अमेरिका के एच1-बी वीजा शुल्क वृद्धि पर अखिलेश का केंद्र पर निशाना, विदेश नीति को बताया विफल

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अमेरिका द्वारा एच1-बी वीजा शुल्क बढ़ाए जाने के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि भारत की विदेश नीति और आर्थिक नीतियां 'विफल' हो गई हैं। लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में अखिलेश यादव ने संवाददाताओं से कहा, 'आपकी (केंद्र सरकार की) विदेश नीति विदेश में विफल रही है। आर्थिक नीतियां विफल रही हैं। आप रिश्ते बनाने में असफल रहे हैं।'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए यादव ने कहा, 'अब आपको उत्तर प्रदेश सरकार से पूछना चाहिए कि लोगों को एच1-बी वीजा क्यों नहीं मिल रहा है, और आप इसका समाधान कैसे करेंगे? योगी आदित्यनाथ की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने कहा, याद कीजिए, वह (योगी आदित्यनाथ) नहीं चाहते कि कोई विदेश जाए, न पढ़ाई के लिए और न ही काम के लिए, बल्कि केवल बंदूक चलाने के लिए जाएं। (लोग) रूस जा सकते हैं, वहां की सेना में भर्ती हो सकते हैं, इजराइल जा सकते हैं और उसकी सेना के साथ लड़ सकते हैं।

एच1-बी वीजा धारकों को अच्छी नौकरियों के लिए नहीं जाना चाहिए।' सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि भाजपा के सत्ता से बाहर होने पर ही एच1-बी वीजा धारकों को कुछ राहत मिलेगी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए जिसके तहत एच1बी वीजा शुल्क को सालाना 100,000 अमेरिकी डॉलर तक बढ़ा दिया जाएगा। ट्रंप के इस कदम से अमेरिका में काम करने वाले भारतीय पेशेवरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

9 साल में नियुक्तियों में बड़े पैमाने पर हुए घोटाले

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 09 साल में नियुक्तियों में बड़े पैमाने पर घोटाले हुए हैं, सरकार खुद शामिल है इन घोटालों में। बड़े पैमाने पर भेदभाव पीडीए परिवार के साथ हो रहा है। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में योगी सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि सरकार यह आंकड़े भी बताए कि सबसे ज्यादा असुरक्षित बेटियां कहां है? सबसे ज्यादा कस्टोडियल डेथ कहां हो रही है?

उन्होंने कहा कि सरकार यह आंकड़े भी बताए कि सबसे ज्यादा असुरक्षित बेटियां कहां है? सबसे ज्यादा कस्टोडियल डेथ कहां हो रही है? जबसे भारतीय जनता पार्टी आई है, लखनऊ के सब तालाबों पर बिल्डिंग बन गई है। अखिलेश ने कहा कि हिमालय बचाने की बात समाजवादियों ने सबसे पहले की। हिमालयों को बचाया नहीं जा रहा, उनमें डायनामाइट लगाकर सड़के बनाई जा रही है। छुट्टा जानवर, अन्ना पशुओं की समस्या के समाधान के लिए उत्तर प्रदेश की सरकार ने देश के प्रधानमंत्री जी से भी आश्वासन दिलवा दिया था, सोचिए डबल इंजन क्या कर रहा है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।