2027 के चुनाव में इनको नहीं मिलेगा सपा का टिकट, अखिलेश यादव ने तय किया मानक
समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट देने का मानक तय कर दिया है। जिस विधानसभा में जिसकी लापरवाही से वोट कटेगा उसे टिकट नहीं दिया जाएगा।

बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की हार से सबक लेते हुए समाजवादी पार्टी ने तय किया गया है कि एसआईआर में किसी भी कीमत पर अपने समर्थकों का वोट न कटने दिया जाए। इसके लिए सपा नेता गांव-गांव, घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और एसआईआर गणना पत्र भरवाने में उनकी मदद करेंगे। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव में टिकट देने का मानक तय कर दिया है। जिस विधानसभा में जिसकी लापरवाही से वोट कटेगा उसे टिकट नहीं दिया जाएगा।
समाजवादी पार्टी को डर है कि एसआईआर गणना पत्र भरने में लापरवाही से कहीं उनके समर्थक वोटरों का नाम न कट जाए। सपा मुखिया इसीलिए लगातार पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठकें कर रहे हैं और उन्हें समझा रहे हैं कि वोट बचाने के लिए जो भी जतन करना पड़े उसे करें। पार्टी मुख्यालय पर केके श्रीवास्तव एसआईआर गणना पत्र भरवाने के लिए बतौर विशेषज्ञ के लगाए गए हैं। उनके द्वारा लगातार जिलों से आने वाले पार्टी नेताओं के साथ बैठकें की जा रही हैं और उन्हें समझाया जा रहा है कि कैसे गणना पत्र को भराकर अपना कोर वोट बचाना है।
सपा इसके साथ ही लगातार गणना पत्र भरने में आने वाली बाधाओं के बारे में निर्वाचन अधिकारी से शिकायतें कर रही है। जिलों से रोजाना फीडबैक भी प्राप्त किए जा रहे हैं और देखा जा रहा है कि कहीं किसी तरह की कोई कमी न रह जाए। प्रदेश के सांसदों, विधायकों, विधानसभा चुनाव में टिकट की चाहत रखने वाले दावेदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में रहने का निर्देश दिया गया है और एसआईआर गणना पत्र भरवाने में लोगों को जागरू करने के साथ मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। दावेदारों को साफ कह दिया गया है कि वे यह भी रिपोर्ट तैयार कराएं कि उनके द्वारा कितने गणना पत्र भरवाए गए और कितनों के वोट कटने से बचाया गया। इसी रिपोर्ट के आधार पर उनकी दावेदारी तय की जाएगी।




साइन इन