अखिलेश यादव-डिंपल यादव ने सैफई में खेली फूलों की होली, मंच पर दिखा पूरा परिवार
मंच पर अखिलेश यादव के साथ सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, मैनपुरी सांसद डिंपल यादव, आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव और करहल विधायक तेज प्रताप यादव मौजूद रहे। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर गुलाब और अन्य सुगंधित फूलों की वर्षा कर होली का पर्व मनाया।

Akhilesh Yadav Celebrated Holi in Saifai: होली पर अखिलेश यादव पूरे परिवार संग सैफई में हैं। उन्होंने वहां परिवार और सैफईवासियों के साथ फूलों की होली खेली। समाजवादी पार्टी कार्यालय के मैदान में बुधवार को आयोजित फूलों की होली के कार्यक्रम में उत्सव और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां रंगों की नहीं बल्कि केवल फूलों की होली खेली गई। भव्य पंडाल में मंच पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में जोश भर गया।
मंच पर अखिलेश यादव के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंत नगर विधायक शिवपाल सिंह यादव, मैनपुरी सांसद डिंपल यादव, आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव और करहल विधायक तेज प्रताप यादव मौजूद हैं। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर गुलाब और अन्य सुगंधित फूलों की वर्षा कर होली का पर्व मनाया।
कार्यक्रम स्थल को फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से भव्य रूप दिया गया था। मंच पर पहुंचते ही अखिलेश यादव ने प्रदेश भर से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने फूलों की होली खेलकर आपसी एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
यह आयोजन समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की स्मृतियों से जुड़ा हुआ है। नेताजी के समय से चली आ रही सैफई की यह परंपरा आज भी समाजवादी एकता और सौहार्द का प्रतीक बनी हुई है। पहले नेताजी की कोठी पर फूलों की होली मनाई जाती थी, जो अब समाजवादी पार्टी कार्यालय के विशाल पंडाल में भव्य रूप ले चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक फाग गायन से पूरा पंडाल गूंज उठा। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कलाकारों की प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में ढाल दिया। सैफई एक बार फिर ऐतिहासिक फूलों की होली का साक्षी बना, जहां राजनीति और संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला।




साइन इन