agra shamsabad groom girlfriend drama marriage stopped police station वादा मुझसे, शादी कहीं और…, अचानक बारात में पहुंच गई दूल्हे की प्रेमिका, जमकर काटा हंगामा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

वादा मुझसे, शादी कहीं और…, अचानक बारात में पहुंच गई दूल्हे की प्रेमिका, जमकर काटा हंगामा

आगरा में बारात चढ़ने से पहले दूल्हे की प्रेमिका ने शादी रुकवा दी। तीन साल से रिलेशनशिप में रहने का दावा करने वाली युवती ने पहले दूल्हे के घर और फिर मैरिज होम पहुंचकर जमकर हंगामा किया।

Tue, 21 April 2026 06:29 AMYogesh Yadav शमसाबाद (आगरा), संवाद सूत्र
share
वादा मुझसे, शादी कहीं और…, अचानक बारात में पहुंच गई दूल्हे की प्रेमिका, जमकर काटा हंगामा

ताजनगरी आगरा के शमसाबाद और डौकी क्षेत्र में सोमवार को एक शादी समारोह उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया, जब बारात चढ़ने से ठीक पहले दूल्हे की कथित प्रेमिका ने मौके पर पहुंचकर भारी हंगामा खड़ा कर दिया। तीन साल से रिलेशनशिप में होने का दावा करने वाली युवती ने दूल्हे पर शादी का वादा उससे करने और कहीं और बारात लेकर जाने का आरोप लगाया। युवती न केवल दूल्हे के घर बल्कि शादी स्थल (मैरिज होम) पर भी पहुंची और शादी रुकवा दी। मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद देर रात तक थाने में पंचायत चलती रही।

रिलेशनशिप का दावा और शादी का विरोध

मामला शमसाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां के एक युवक की शादी सोमवार को तय थी। उसकी बारात थाना डौकी क्षेत्र के एक गांव में जानी थी। दूल्हे के घर में बारात की की तैयारियां जोरों पर थीं, बैंड-बाजे बज रहे थे और परिजन खुशियां मना रहे थे। इसी बीच पास के ही गांव की रहने वाली एक युवती अपनी मां और कुछ ग्रामीणों के साथ दूल्हे के दरवाजे पर धमक पड़ी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:आईएएस Vs तहसीलदार: महिला अधिकारी के ड्राइवर को उठाया, 112 पर फोन के बाद छोड़ा

युवती का आरोप था कि वह युवक के साथ पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध (रिलेशनशिप) में है और युवक ने उससे शादी का वादा किया था। युवती ने दो-टूक शब्दों में कहा कि वह यह शादी नहीं होने देगी और युवक को सिर्फ उससे ही शादी करनी होगी।

मैरिज होम तक पीछा और हाई-वोल्टेज ड्रामा

शुरुआत में युवक के परिजनों ने युवती को समझाने और डराने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। हंगामा बढ़ता देख ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए और मामला थाने तक पहुँच गया। शमसाबाद थाने पर भी युवती ने काफी देर तक हंगामा काटा। जब पुलिस और ग्रामीणों के समझाने का उस पर कोई असर नहीं हुआ, तो वह सीधे डौकी क्षेत्र स्थित उस मैरिज होम पहुंच गई जहां बारात का इंतजार हो रहा था।

मैरिज होम में दुल्हन पक्ष के लोग बारात के स्वागत की तैयारी कर रहे थे, तभी युवती ने वहां पहुंचकर दुल्हन के परिजनों को अपने और दूल्हे के संबंधों की पूरी कहानी सुना दी। युवती ने तत्काल डौकी पुलिस को भी मौके पर बुला लिया, जिससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:स्मार्ट प्रीपेड मीटर के कटे कनेक्शन वालों को राहत, योगी सरकार ने दिया यह निर्देश
ये भी पढ़ें:IAS से विवाद; तहसीलदार के पीछे कौन? गोपनीय जांच, कई अफसरों की मुश्किलें बढ़नी तय

थाने में सिमटी खुशियां, होती रही सुलह की कोशिश

डौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दूल्हे, युवती व दुल्हन पक्ष के जिम्मेदार लोगों को थाने ले आई। दुल्हन पक्ष इस खुलासे के बाद गहरे सदमे में है, वहीं दूल्हा पक्ष खुद को पाक-साफ बताने की कोशिश कर रहा है। देर रात तक थाने में दोनों पक्षों और युवती के बीच गहन पंचायत चलती रही।

पुलिस का कहना है कि युवती अपने दावों पर अड़ी है और साक्ष्य के तौर पर कुछ तस्वीरें व मैसेज भी दिखा रही है। फिलहाल शादी रुक गई है और पुलिस दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई थी, लेकिन माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।