After mafias, police now target gangsters in UP; list of over 100 prepared, properties to be confiscated यूपी में माफियाओं के बाद अब पुलिस के निशाने पर गैंगस्टर, 100 से अधिक की बनी लिस्ट, होगी कुर्की, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में माफियाओं के बाद अब पुलिस के निशाने पर गैंगस्टर, 100 से अधिक की बनी लिस्ट, होगी कुर्की

यूपी में योगी आदित्यनाथ की सरकार आने के बाद से अपराधियों पर जबरदस्त नकेल कसी जा रही है। मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद, मुन्ना बजरंगी के बाद अब पुलिस के निशाने पर गैंगस्टर हैं। 100 से अधिक की लिस्ट बनाई गई है। इनकी सम्पत्तियां कुर्क की जाएंगी।

Thu, 6 Nov 2025 07:03 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ, विशेष संवाददाता
share
यूपी में माफियाओं के बाद अब पुलिस के निशाने पर गैंगस्टर, 100 से अधिक की बनी लिस्ट, होगी कुर्की

यूपी में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद से अपराधियों की शामत आई हुई है। माफियाओं के बाद अब गैंगस्टर पर शिकंजा कसा जा रहा है। यूपी पुलिस ने 100 से अधिक गैंगस्टरों की लिस्ट बनाई है और इनकी सम्पत्ति कुर्क करने की कवायद में लग गई है। पिछले सालों में हुई बड़ी कार्रवाई के दौरान मुख्तार, अतीक, बजरंगी गिरोह समेत कई अन्य माफिया के गुर्गे बच गए थे। जिलेवार ऐसे गैंगस्टरों का ब्योरा तैयार कराया जा रहा है। इसमें खुफिया एजेन्सियां और ईडी की मदद भी ली जा रही है। निवेशकों के अरबों रुपये हड़प कर फरार कम्पनियों के कई निदेशक भी इनमें शामिल है। इन सभी पर गैंगस्टर लगा था लेकिन इनकी कई सम्पत्तियां जब्त होने से बच गई थी।

वर्ष 2020 में मुख्तार गिरोह समेत कई गैंगस्टरों के खिलाफ एक ही दिन में 40 से अधिक स्थानों पर तीन दर्जन टीमों ने छापेमारी की थी। इस दौरान अवैध पिस्टल, कारतूस व दो गैंगस्टर भी पकड़े गए थे। इनके फ्लैट सील कर दिए गए थे। इसके बाद कई महीनों तक कार्रवाई होती रही थी पर बाद में कई बड़े अपराधियों की सम्पत्तियां जब्त कर ली गई थी। उस समय कई गैंगस्टर इस कार्रवाई से बच गए थे। अब इन गैंगस्टरों की सूची तैयार की जाने लगी है। शासन से भी गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने को कहा गया है। इसी कड़ी में यूपी पुलिस हर जिले में सक्रिय गैंगस्टरों का पूरा ब्योरा उनकी सम्पत्तियों के साथ जुटा रही है। मुख्यमंत्री की सख्ती पर बीते एक साल में गैंगस्टरों की 144 करोड़ से अधिक की सम्पत्ति जब्त की गई।

इन गैंगस्टरों के कई करीबियों पर भी होगी कार्रवाई

यूपी पुलिस ने इसी साल मथुरा के गैंगस्टर मुकेश तोमर की 97 लाख रुपये, गाजियाबाद के गैंगस्टर दया शंकर उर्फ डायना की एक करोड़, गैंगस्टर राजीव चौहान, इनके परिवारीजन की पांच करोड़, नाजिया अख्तर की लाखों रुपये की सम्पत्ति कुर्क की। इनके लिए काम करने वाले कई गुर्गों पर भी गैंगस्टर लगा था। अब उनकी सम्पत्ति का ब्योरा तैयार कराया जा रहा है। लखनऊ, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, कानपुर, कन्नौज समेत कई जिलों के गैंगस्टरों पर जल्दी ही कार्रवाई की जाएगी।

ईडी भी लगातार कार्रवाई कर रही

ईडी ने भी जनता की गाढ़ी कमाई हड़प कर फरार हुई कम्पनी के उन निदेशकों की सम्पत्तियां चिन्हित करना शुरू कर दिया है, जिन पर गैंगस्टर लगा है और वह फरार हैं। रोहतास ग्रुप के निदेशक रस्तोगी भाइयों की सम्पत्ति इसी कड़ी में ढूंढ़ी जा रही है। कुछ दिन पहले ही एलजेके कम्पनी को बेची गई करीब 300 करोड़ रुपये की सम्पत्ति कुर्क की गई। कल्पतरू, शाइन सिटी समेत कई कम्पनियों के फरार अधिकारियों पर यूपी पुलिस भी अपना शिकंजा कसने के लिए सम्पत्तियों का ब्योरा तैयार करा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।