after Lucknow and Varanasi school holidays have been extended 3 more districts schools closed for students up to 8 class UP School closed: लखनऊ, वाराणसी के बाद 4 और जिलों में बढ़ी स्कूलों की छुट्टी, आठवीं तक स्कूल बंद, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP School closed: लखनऊ, वाराणसी के बाद 4 और जिलों में बढ़ी स्कूलों की छुट्टी, आठवीं तक स्कूल बंद

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते यूपी में शीतलहर चल रही है। भीषण सर्दी के चलते पूरा यूपी कांप उठा है। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी ने लोगों को घरों में कैद करके रख दिया है।

Tue, 6 Jan 2026 12:03 AMDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
UP School closed: लखनऊ, वाराणसी के बाद 4 और जिलों में बढ़ी स्कूलों की छुट्टी, आठवीं तक स्कूल बंद

School Closed in UP: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते यूपी में शीतलहर चल रही है। भीषण सर्दी के चलते पूरा यूपी कांप उठा है। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी ने लोगों को घरों में कैद करके रख दिया है। हालांकि सोमवार को कुछ जिलों में हल्की धूप दिखाई दी, लेकिन गलन बरकरार रही। इसको देखते हुए अब कई जिलों में डीएम ने स्कूलों की छुट्टियों को बढ़ाने का निर्देश दिया है। लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, रायबरेली, मेरठ और बिजनौर जिलों में सभी बोर्ड के आठवीं तक के स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

लखनऊ में तीन दिन, बिजनौर में एक दिन, मेरठ में दो दिन, रायबरेली में तीन दिन, वाराणसी में एक दिन और प्रयागराज में 15 जनवरी तक आठवीं तक के स्कूलों में छुट्टी बोली गई है। इसके अलावा शामली में दो दिन के लिए 12वीं तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। सभी जिलों के आदेश के मुताबिक अगर कोई भी स्कूल आदेश का उल्लंघन करते पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अभिभावकों ने ली राहत की सांस

इन दिनों प्रदेश में पड़ रही भीषण सर्दी के बीच स्कूलों को बंद रखने के फैसले से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। बतादें कि कई जिलों में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है और सुबह के समय घना कोहरा व ठंडी हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए सर्दी का अलर्ट जारी किया है। मौसम की स्थिति को देखने के बाद और जिलों के डीएम भी स्कूलों को बंद रखने का फैसला कर सकते हैं।

आगरा में घने कोहरे से रफ्तार थमी

दिन के तापमान (अधिकतम तापमान) में गिरावट के मामले में आगरा सबसे आगे रहा। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री गिरकर महज 13.3 डिग्री सेल्सियस पर टिक गया, जो प्रदेश में दिन का सबसे कम तापमान था। इसके अलावा बरेली में 14.6, शाहजहांपुर में 14.8 और बुलंदशहर में 14.8° डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। बस्ती में दिन का पारा सामान्य से रिकॉर्ड 6.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

शून्य विजिबिलिटी से थमी रफ्तार

सुबह गोरखपुर (आईएएफ) और आजमगढ़ एयरपोर्ट पर दृश्यता शून्य रही। वहीं गोरखपुर शहर और बलिया में विजिबिलिटी महज 30 मीटर दर्ज की गई। फतेहगढ़ में 50 मीटर, शाहजहांपुर में 70 मीटर, जबकि वाराणसी एयरपोर्ट, बस्ती और कानपुर (आईएएफ) में दृश्यता 100 मीटर रही। लखनऊ एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी 150 मीटर दर्ज की गई। पूर्वी यूपी में कोहरे का सितम खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। हवाओं के रुख में बदलाव से कोहरे के घनत्व में कमी जरूर हुई है। मंगलवार और बुधवार को कोहरे के आरेंज अलर्ट का पूर्वानुमान अब येलो अलर्ट में तब्दील हो गया है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान, जल्द मिलेगी राहत

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद आ रहीं शुष्क हवाओं के कारण अगले दो दिनों तक रातें सर्द बनी रहेंगी। हालांकि, कोहरे के घनत्व और क्षेत्रफल में अब कमी आनी शुरू होगी। धूप निकलने से दिन के तापमान में क्रमिक सुधार होगा और अगले 48 घंटों के बाद ठंड की स्थिति में और अधिक राहत मिलने की संभावना है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।