नाबालिग छात्रा को बुर्का पहनाकर ले जा रहा था देवबंद, रास्ते में लोगों को हो गया शक; जानें फिर
17 साल की किशोरी अलीगढ़ के एक कॉलेज में 12वीं की छात्रा है। शुक्रवार को वह स्वतंत्रता दिवस पर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। इसी बीच वहां हरदुआगंज क्षेत्र के गांव मोरथल निवासी रिहान पहुंच गया। आरोप है कि वह छात्रा को अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया।

यूपी के अलीगढ़ के हरदुआगंज थाना क्षेत्र की एक छात्रा को शुक्रवार को एक आरोपी उसके कॉलेज से बहला-फुसलाकर ले गया। रास्ते में उसे बुर्का पहनाया और अपने साथ देवबंद ले जा रहा था। साथ ही धर्म परिवर्तन का प्रयास किया गया। शक होने पर लोगों ने आरोपी को दबोच लिया। इसके विरोध में कुछ संगठन के लोग थाने पहुंचे और लव जिहाद का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे जेल भेज दिया है। छात्रा को फिलहाल वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है।
महुआखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की 17 साल की किशोरी हरदुआगंज क्षेत्र के कॉलेज में 12वीं की छात्रा है। शुक्रवार को वह स्वतंत्रता दिवस पर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। इसी बीच वहां हरदुआगंज क्षेत्र के गांव मोरथल निवासी रिहान पहुंच गया। आरोप है कि वह छात्रा को अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया। रास्ते में उसने छात्रा के कपड़े बदलवाए और उसे बुर्का पहना दिया। इसके बाद टेंपो से दोनों जा रहे थे। तभी लोगों को शक हो गया। लोगों ने दोनों को रोककर पूछताछ शुरू कर दी।
जानकारी पर छात्रा के पिता के अलावा भाजपा के हरदुआगंज मंडल अध्यक्ष मनोज भारद्वाज और अन्य लोग आ गए और युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। संगठन के लोगों ने लव जिहाद की बात कहते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की। करीब दो घंटे तक लोग थाने जमे रहे। मुकदमा दर्ज होने के बाद लोग शांत हुए।
छात्रा ने बताया कि रिहान पूर्व में उसके साथ कॉलेज में पढ़ता था। आरोप है कि तभी से वह उसके पीछे पड़ा रहता था। धर्म की बात करता था। मना करने के बावजूद उसके करीब आने का प्रयास करता था। इस पर कॉलेज प्रशासन ने उसे निष्कासित कर दिया था। लेकिन इसके बाद भी वह छात्रा को परेशान कर रहा था।
सुंघाकर किया अचेत, आरोपी की बहन भी नामजद
मामले में छात्रा के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा है कि बेटी कॉलेज गई थी। संयोगवश वह हरदुआगंज बाजार आए थे। थाने के पास न्यू बोहरान मोहल्ले की गली में उन्होंने देखा कि मोरथल निवासी रिहान और तमन्ना उनकी बेटी को बुर्का पहनाकर ले जा रहे थे। पिता को देखकर छात्रा ने शोर मचा दिया। शुक्रवार को रिहान व उसकी बहन तमन्ना ने उसे अकेला देखकर कुछ सुंघा दिया, जिससे वह सुध-बुध खो बैठी। इसके बाद दोनों जबरन बुर्का पहनाकर उसे ले जा रहे थे। साथ ही दोनों उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराना चाह रहे थे।
आरोपी ने कहा- मेरी बहन है, देवबंद लेकर जा रहा हूं...
आरोपी रिहान के साथ उसकी चचेरी बहन तमन्ना भी थी। दोनों ने एक सुनसान गली में छात्रा के कपड़े बदलवाए। चूंकि छात्रा स्कूल ड्रेस में थी। उसके सफेद रंग के जूते पहन रखे थे। बुर्का पहनने के दौरान कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ गई। इसके बाद लोगों ने पीछा शुरू कर दिया। रामघाट रोड पर थाने के पास जब आरोपी उसे टेंपो में बिठाने लगा तो लोगों ने पकड़ लिया। आरोपी ने शुरुआत में बताया कि छात्रा उसकी बहन है और वह उसे देवबंद लेकर जा रहा है। बाद में छात्रा ने खुद ही अपनी पहचान बताई।
धर्म परिवर्तन की धाराओं में हुआ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने अपहरण और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। रिहान को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया। तमन्ना की भूमिका की जांच की जा रही है।
युवतियों और किशोरियों की तलाश तेज
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुछ युवतियां व किशोरियां गायब हैं। इनके संबंध में अज्ञात में बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा भी दर्ज है। धर्मांतरण का रैकेट सामने आने के बाद पुलिस ने इनकी तलाश भी तेज कर दी है।
आगरा पुलिस ने एएमयू की पूर्व छात्रा को कराया था मुक्त
पिछले महीने आगरा पुलिस ने बड़े अवैध धर्मांतरण रैकेट का खुलासा करते हुए छह राज्यों से कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। यह गिरोह हिंदू युवतियों का ब्रेनवाश करता था। पुलिस ने आठ युवतियों को मुक्त करा दिया, जिसमें एएमयू की एक पूर्व छात्रा भी थी। वह धर्मांतरण के मास्टरमाइंड अब्दुल रहमान और आयशा के संपर्क में थी। 12वीं के बाद नीट की तैयारी कर रही थी। मेडिकल छात्र से कोचिंग ले रही थी। उसी ने कलमा पढ़वाया था। उसने इस्लाम अपना लिया था। बाद में मेडिकल छात्र का कहीं निकाह हो गया। लेकिन, छात्रा उस दीनी शिक्षा से बाहर नहीं निकल पाई और रैकेट जुड़ गई थी।
क्या बोली पुलिस
सीओ राजीव द्विवेदी अतरौली ने बताया कि आरोपी रिहान के खिलाफ अपहरण और धर्म परिवर्तन मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। छात्रा को वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। सोमवार को उसके बयान कराए जाएंगे।




साइन इन