नकाबपोश बदमाश ने चलती कार पर गोलियां बरसा दूल्हे को मौत के घाट उतारा, जश्न की जगह पसरा मातम
कुछ दूर बाद वह कार के बाईं ओर आ गया और चलती गाड़ी पर ताबड़तोड़ तीन फायरिंग की। दो गोली आजाद को लगी, जिससे वह अचेत हो गया। गोली चलते ही हड़कंप मच गया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गया। दूल्हे को निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

उत्तर प्रदेश के जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर मनेछा बादशाही के पास शुक्रवार रात करीब नौ बजे बाइक सवार बदमाश ने ओवरटेक कर कार सवार दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के समय कार में छह लोग सवार थे। पुलिस रंजिश समेत हर एंगल से जांच कर रही है। एसएसपी ने आरोपी को पकड़ने के लिए चार टीमों का गठन किया है।
जौनपुर के ही सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 22 वर्षीय आजाद बिंद पुत्र रामलखन बिंद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव में तय थी। शुक्रवार को आजाद का विवाह था। रात करीब साढ़े आठ बजे बरात बड़उर गांव से निकली। कार में दूल्हा और परिवार के बच्चे और दोस्त बैठे थे। बताया गया कि मनेछा गांव में बादशाही के पास दूल्हे की गाड़ी पहुंची ही थी कि एक नकाबपोश बाइक सवार युवक ने कार को ओवरटेक किया।
कुछ दूर बाद वह कार के बाईं ओर आ गया और चलती गाड़ी पर ताबड़तोड़ तीन फायरिंग की। दो गोली आजाद को लगी, जिससे वह अचेत हो गया। गोली चलते ही हड़कंप मच गया। बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। दूल्हे को निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने दूल्हे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, आजाद महाराष्ट्र के पुणे में रहकर नौकरी करता था और शादी के लिए ही घर आया था।
‘बारात लेकर आए तो मार दूंगा’ मिली थी आजाद को धमकी
खेतासराय में कार सवार दूल्हे की गोली मारकर हत्या करने के मामले में कई सनसनीखेज दावे सामने आ रहे हैं। दूल्हे के चचेरे भाई ने दावा किया कि जब से शादी तय हुई है तभी से एक युवक धमकी देता था कि तू बारात लेकर यहां मत आना, नहीं तो पक्का मार दूंगा। वहीं दूल्हे के पिता ने गांव के ही दो लोगों पर हत्या करने की आशंका जताई है।
सरायख्वाजा क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी रामलखन बिंद के दो बेटा और एक बेटी में आजाद दूसरे नंबर पर था। शुक्रवार की रात बारात जा रही थी, तभी रास्ते में बाइक सवार बदमाश ने ओवरटेक कर दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद दूल्हे आजाद के चचेरे भाई रितेश ने दावा किया कि धमकी देने वाले ने लड़की से शादी करने की बात कभी नहीं की, सिर्फ इतना कहता था कि तू वहां शादी करने मत आना, यदि बारात लेकर आया तो मार दूंगा। वहीं दूल्हे के पिता रामलखन ने कहा कि गांव के ही दो लोगों ने मुझे तीन साल पहले इसी तरह गाड़ी किनारे लगाकर पीटा था। उन्हीं लोगों का इस हत्या में हाथ होने की आशंका है।
दो परिवारों की खुशियां मातम में बदलीं
घटना के बाद दोनों घरों में मातम छा गया। खुशी का माहौल गम में बदल गया। आजाद के परिवार वाले दुल्हन लाने की तैयारी में थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि होनी में कुछ और ही लिखा है। उधर, लड़की पक्ष में भी सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं।
कार में थे छह लोग
दूल्हे की कार में चालक सहित कुल छह लोग सवार थे। दूल्हे के दोस्त ने बताया कि वह भी कार में पीछे वाली सीट पर बैठा था। उसके साथ एक और दोस्त था। दो बच्चे, एक चालक और दूल्हा आजाद कार में मौजूद थे। थोड़ा ट्रैफिक था। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार युवक ने ओवरटेक किया और गाड़ी को घुमाकर बाईं ओर आ गया। उसने शीशे के बाहर से ही फायरिंग शुरू कर दी। करीब तीन राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां आजाद को लगीं। गोली मारने के बाद बदमाश जिस दिशा से आए थे, उसी दिशा में फरार हो गए। दोस्त का कहना है कि गोली चलाते समय बदमाश अनाप-शनाप बक रहा था।




साइन इन