A helipad will be built near the Ganga Expressway in Badaun, Char Dham Dham will receive helicopters बदायूं में गंगा एक्सप्रेस वे के पास बनेगा हैलीपेड, चार धाम को मिलेंगे हेलीकॉप्टर, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बदायूं में गंगा एक्सप्रेस वे के पास बनेगा हैलीपेड, चार धाम को मिलेंगे हेलीकॉप्टर

गंगा एक्सप्रेस वे के पास बदायूं के बिनावर में हेलीपैड बनाने की तैयारी है ताकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों को भी इसका लाभ मिल सके। उत्तराखंड की चार धाम यात्रा के लिए बरेली मंडल से हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु जाते हैं।

Fri, 30 Jan 2026 10:57 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
बदायूं में गंगा एक्सप्रेस वे के पास बनेगा हैलीपेड, चार धाम को मिलेंगे हेलीकॉप्टर

चार धाम के लिए बरेली मंडल से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने के लिए यूपी और उत्तराखंड के अधिकारियों के बीच मंथन तेजी से चल रहा है। गंगा एक्सप्रेस वे के पास बदायूं के बिनावर में हेलीपैड बनाने की तैयारी है ताकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों को भी इसका लाभ मिल सके।उत्तराखंड की चार धाम यात्रा के लिए बरेली मंडल से हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु जाते हैं। लंबे समय से यहां से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की मांग उठ रही है, ताकि बुजर्गों के साथ ही दिव्यांग भी आसानी से चार धाम यात्रा के लिए जा सकें।

मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने इसके लिए प्रयास शुरू किए थे। अब यह प्रयास तेजी से हकीकत की ओर बढ़ रहे हैं। कमिश्नर की इस संबंध में उत्तराखंड के अधिकारियों से कई राउंड की वार्ता हो चुकी है, जो नया प्रस्ताव तैयार हुआ है, उसमें गंगा एक्सप्रेसवे के पास बदायूं के बिनावर में हेलीपैड बनाने की तैयारी हो रही है। गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक जा रहा है। कमिश्नर का मानना है कि यदि हेलीकॉप्टर सेवा गंगा एक्सप्रेसवे के आसपास से मिलती है तो पूर्वी उत्तर प्रदेश के उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज जैसे जिलों को भी इसका लाभ मिल सकेगा।

डबल इंजन के हेलीकॉप्टर चलाने की तैयारी

उत्तराखंड से चार धाम यात्रा के लिए अभी जो हेलीकॉप्टर चल रहे हैं वह सिंगल इंजन वाले हैं। बरेली मंडल से डबल इंजन के हेलीकॉप्टर को चलाने की तैयारी है। यह आर्थिक रूप से भले ही खर्चीला हो मगर सुरक्षा के लिहाज से ज्यादा बेहतर हैं। अधिकतर सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर में वेदर रडार जैसी जरूरी प्रणाली नहीं होती है। इस कारण पहाड़ों की जटिल भौगोलिक परिस्थितियों में मौसम का सटीक पूर्वानुमान लगाना कठिन हो जाता है। पिछले वर्ष चार धाम यात्रा के दौरान हुए हेलीकॉप्टर हादसों का यह प्रमुख कारण भी माना गया था।

गुप्तकाशी तक श्रद्धालुओं को पहुंचाएगा हेलीकॉप्टर

बिनावर से जो हेलीकॉप्टर उड़ेगा, वह श्रद्धालुओं को उत्तराखंड के गुप्तकाशी तक पहुंचाएगा। गुप्तकाशी हेलीपैड से श्रद्धालुओं को केदारनाथ धाम और बाकी तीर्थ स्थलों के लिए दूसरा हेलीकॉप्टर मिलेगा। बरेली से बिनावर की दूरी 36 किलोमीटर है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में 36 नए पदों का नाम बदला, योगी कैबिनेट मीटिंग में का बड़ा फैसला

बरेली कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी ने बताया कि चार धाम यात्रा के लिए बरेली मंडल से हेलीकॉप्टर सुविधा शुरू करने के लिए उत्तराखंड से निरंतर संवाद चल रहा है। बदायूं के बिनावर में गंगा एक्सप्रेस वे के पास हेलीपैड विकसित करने की तैयारी है, ताकि रुहेलखंड के साथ-साथ मेरठ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों को भी चार धाम की हेलीकॉप्टर सुविधा का लाभ मिल सके।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।