12 lakh withdrawn from account after clicking on fake challan link new cyber fraud tactic 'चालान' का लिंक क्लिक करते ही खाते से उड़ गए 12 लाख; फ्रॉड के नए हथकंडे का शिकार बने बुजुर्ग, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

'चालान' का लिंक क्लिक करते ही खाते से उड़ गए 12 लाख; फ्रॉड के नए हथकंडे का शिकार बने बुजुर्ग

लखनऊ में वरिष्ठ नागरिक कौशल किशोर मिश्रा साइबर ठगी का शिकार हो गए। व्हाट्सएप पर आए फर्जी 'चालान' लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके खाते से 21 जनवरी से 2 फरवरी के बीच करीब 11.93 लाख रुपये निकल गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Thu, 5 Feb 2026 02:24 PMsandeep हिन्दुस्तान, संवाददाता, सुशांत गोल्फ सिटी (लखनऊ)
share
'चालान' का लिंक क्लिक करते ही खाते से उड़ गए 12 लाख; फ्रॉड के नए हथकंडे का शिकार बने बुजुर्ग

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित सरसवां, अर्जुनगंज निवासी वरिष्ठ नागरिक कौशल किशोर मिश्रा साइबर ठगी का शिकार हो गए। 21 जनवरी से 2 फरवरी के बीच उनके बैंक खाते से अलग-अलग तारीखों में कुल 11 लाख 93 हजार 863 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित के अनुसार उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए 'चालान' के नाम से एक संदिग्ध लिंक आया था। इसे किसी वाहन से संबंधित चालान समझकर उन्होंने लिंक खोल लिया, लेकिन उसमें कुछ भी दिखाई नहीं दिया।

घटना के एक-दो दिन बाद अचानक उनका मोबाइल नंबर बंद हो गया। जब नंबर दोबारा चालू हुआ तो खाते से पैसे कटने के कई मैसेज एक साथ आने लगे। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने किसी को ओटीपी या बैंक से जुड़ी कोई गोपनीय जानकारी साझा नहीं की थी। उनका कहना है कि यह खाता उनके और उनके परिवार के जीवनयापन का एकमात्र सहारा है, जिससे बड़ी आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने बुधवार को साइबर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध लिंक के जरिए साइबर अपराधियों ने मोबाइल या बैंकिंग जानकारी तक पहुंच बनाई हो सकती है। पुलिस अब तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है और लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक न करने की अपील भी की है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।