Alexander Zverev became the French Open 2026 champion defeating Flavio Cobolli to win his first Grand Slam title अलेक्जेंडर ज्वेरेव बनें फ्रेंच ओपन 2026 के चैंपियन, फ्लावियो कोबोली को हराकर जीता अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब, Sports Hindi News - Hindustan
More

अलेक्जेंडर ज्वेरेव बनें फ्रेंच ओपन 2026 के चैंपियन, फ्लावियो कोबोली को हराकर जीता अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब

अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने रविवार को फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में इटली के फ्लावियो कोबोली को 6-1, 4-6, 6-4, 6-7 (5), 6-1 से हराकर अपने करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया।

Mon, 8 June 2026 05:20 AMLokesh Khera लाइव हिन्दुस्तान, पेरिस
share
अलेक्जेंडर ज्वेरेव बनें फ्रेंच ओपन 2026 के चैंपियन, फ्लावियो कोबोली को हराकर जीता अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब

जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने आखिरकार ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का अपना सपना साकार कर लिया। दूसरी वरीयता प्राप्त ज्वेरेव ने रविवार को फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में इटली के फ्लावियो कोबोली को 6-1, 4-6, 6-4, 6-7 (5), 6-1 से हराकर अपने करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया। अपने चौथे ग्रैंड स्लैम फाइनल में उतरे ज्वेरेव ने चार घंटे से अधिक समय तक चले रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की। कोबोली ने दूसरे चैम्पियनशिप प्वाइंट पर एक आसान स्मैश नेट के बाहर मार दिया जिससे मैच का अंत हुआ। इसके बाद ज्वेरेव भावुक हो गए और लाल मिट्टी पर पीठ के बल लेटकर अपनी आंखों को हाथों से ढंक लिया। कुछ देर बाद उन्होंने दोनों हाथ उठाकर जीत का जश्न मनाया।

इस जीत के साथ 29 वर्षीय ज्वेरेव उन चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए जिन्होंने अपने चौथे ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहला मेजर खिताब जीता। इस सूची में आंद्रे अगासी, गोरान इवानिसेविच और डोमिनिक थीम जैसे दिग्गज शामिल हैं।

टूर्नामेंट के दौरान परिस्थितियां ज्वेरेव के पक्ष में रहीं। शीर्ष वरीयता प्राप्त यानिक सिनर दूसरे दौर में बाहर हो गए थे, जबकि 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच भी शुरुआती दौर में हारकर टूर्नामेंट से विदा हो गए। दो बार के मौजूदा चैंपियन कार्लोस अल्काराज दाहिनी कलाई की चोट के कारण प्रतियोगिता शुरू होने से पहले ही हट गए थे।

ऐसे में ज्वेरेव को खिताब का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था और उन्होंने इस मौके को संघर्ष के बाद भुना लिया।

विश्व रैंकिंग में 14वें स्थान पर काबिज कोबोली ने इससे पहले कभी किसी ग्रैंड स्लैम के क्वार्टर फाइनल से आगे का सफर तय नहीं किया था। वह 1976 में एड्रियानो पनाटा के बाद रोलां गैरो में पुरुष एकल खिताब जीतने वाले इटली के पहले खिलाड़ी बनने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनका सपना अधूरा रह गया।

ज्वेरेव ने मुकाबले की शुरुआत से ही दबदबा बनाया और पहला सेट आसानी से जीत लिया। कोबोली ने इसके बाद शानदार वापसी करते हुए दूसरा और चौथा सेट जीतकर मुकाबले को पांचवें सेट तक खींच दिया। चौथे सेट के टाईब्रेकर में ज्वेरेव 3-1 की बढ़त गंवा बैठे थे।

निर्णायक सेट में हालांकि कोबोली की ऊर्जा जवाब दे गई और ज्वेरेव ने लगातार आक्रामक खेल दिखाते हुए बढ़त बनाई। उन्होंने 3-0 की बढ़त हासिल करने के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा और अंततः अपने करियर का 25वां एटीपी खिताब तथा पहला ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।