उदयपुर में साले ने जीजा का किया मर्डर, बहन की मौत के शक में जंगल ले जाकर पत्थर से कुचला
यहां एक व्यक्ति की उसके साले ने कथित तौर पर अपहरण कर हत्या कर दी। आरोप है कि आरोपी को शक था कि उसकी बहन की मौत के पीछे उसके जीजा का हाथ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

राजस्थान के उदयपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति की उसके साले ने कथित तौर पर अपहरण कर हत्या कर दी। आरोप है कि आरोपी को शक था कि उसकी बहन की मौत के पीछे उसके जीजा का हाथ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना ओगना थाना क्षेत्र के अंबावी उपरेटा गांव की है। यहां करण नामक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर 28 वर्षीय पिंटू वडेरा का अपहरण कर लिया। इसके बाद उसे जंगल में ले जाया गया, जहां उसके सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही उपाधीक्षक विवेक सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस टीम ने जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाकर मृतक का शव बरामद कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी की बहन पारू (25), जो चोखला बारा गांव की रहने वाली थी, 24 अप्रैल को बीमार पड़ी थी। उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में हालत बिगड़ने पर उदयपुर रेफर किया गया, जहां 27 अप्रैल को उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद उसके परिजनों ने ससुराल पक्ष पर संदेह जताया था। इसी शक के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
शादी से एक दिन पहले दुल्हन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के खैरथल थाना क्षेत्र में बारात से एक दिन पहले दुल्हन लक्ष्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम को घर में हल्दी की रस्म चल रही थी। लक्ष्मी कभी बहनों के साथ नृत्य कर रही थी, तो कभी खुद ही झूम रही थी। हर कोई उसकी खुशी देखकर खुश था। कुछ ही देर बाद उसे मेहंदी लगनी थी।
इसी बीच लक्ष्मी ने घबराहट की बात कही और बोली कि उसे उल्टी आ रही है। परिजनों ने तुरंत उसे संभाला, जूस पिलाया और पंखे की हवा में लिटा दिया। सूत्रों ने बताया कि कुछ देर तक सबको लगा कि वह ठीक हो जाएगी। घर में शादी की तैयारियां चलती रही, लेकिन जब उसकी मां ने उसे उठाने की कोशिश की, तो वह अचेत पड़ी थी।
यह देख पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर भागे, लेकिन वहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आज लक्ष्मी के फेरे होने थे, अब उसकी अर्थी उठेगी। यह दर्द परिवार ही नहीं, पूरे गांव को झकझोर रहा है।




साइन इन