जोधपुर में शादी के दिन 2 दुल्हनों ने की आत्महत्या, सगी बहनों की आज आनी थी बारात
राजस्थान के जोधपुर में 2 दुल्हनों की शादी वाले दिन मौत हो गई। दोनों सगी बहने थीं। मृत दुल्हनों के नाम शोभा (25) और विमला (23) बताई गई है।

राजस्थान के जोधपुर में 2 दुल्हनों की शादी वाले दिन मौत होने की दर्दनाक खबर सामने आई है। दोनों सगी बहने थीं। मृत दुल्हनों के नाम शोभा (25) और विमला (23) बताए गए हैं। कथित तौर पर मौत की वजह कीटनाशक पीकर आत्महत्या करना बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे वे अपने कमरे में सोने गई थीं। सुबह उठीं तो उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने दोनों बहनों को मृत घोषित कर दिया।
दोनों प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थीं
रौंगटे खड़े कर देने वाला ये मामला सूरसागर थाना इलाके के मणाई गांव का है। पुलिस के मुताबिक- मणाई गांव की रहने वाली शोभा और विमला दोनों की शादी तय हो गई थी। दोनों बहने एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थीं। आज बारात आने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही ये हादसा हो गया।
पुलिस ने रुकवाया अंतिम संस्कार
जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना मृत बहनों की मां ने दी। इसके बाद मामला खुला और बहनों के अंतिम संस्कार की तैयारी होने लगी। लेकिन इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को अंतिम संस्कार करने से रोका और पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी भिजवाया, जिसके बाद उन्हें परिवार के हवाले कर दिया।
लड़कियों की पहले भी हो चुकी सगाई
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक- बहनों के मामा का आरोप है कि दोनों बहनों की सगाई पहले भीनमाल में हो गई थी। लेकिन, बाद में चाचा ने इसे तुड़वा दिया था। अब दोनों की शादी पोकरण के आगे जैम्ला गांव में तय की गई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगी सच्चाई
उन्होंने बताया कि अगर पुलिस थोड़ी देर में पहुंचती, तो लड़कियों का अंतिम संस्कार कर दिया जाता, क्योंकि शवों को अस्पताल से वापस लाकर सीधे अंतिम संस्कार की तैयारी की गई थी। जिसे पुलिस ने समय पर आकर रोक दिया और पोस्टमार्टम कराया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामला खुलेगा कि लड़कियों ने कीटनाशक पिया था या नहीं।
खबर में इस्तेमाल की गई तस्वीर प्रतीकात्मक है।




साइन इन