भाई-भाई बोलकर गिड़गिड़ाता रहा ड्राइवर, पुलिस वाले ने पटक-पटक कर बरसाए लात-घूंसे- VIDEO वायरल
दिल्ली मुम्बई एक्सप्रेस वे पर अलवर के रामगढ़ क्षेत्र के नौगांवा थाना इलाके खाकी का खोफ देखने को मिला। यहां एक पुलिसकर्मी द्वारा ट्रक चालक को सरेआम पीटते हुए देखा गया। इस घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस के उच्च अधिकारियों के होश उड़ गए।

दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर एक पुलिसकर्मी द्वारा मारपीट करने का वीडियो सामने आया है। इसमें एक पुलिसकर्मी युवक को बुरी तरह थप्पड़-लातें बरसाता दिखाई देता है। युवक भाई-भाई बोलकर खुदको न मारने की बात कहता है, लेकिन पुलिसकर्मी उसे उठा-उठाकर जमीन पर पटकता रहता है। वीडियो दिल्ली मुम्बई एक्सप्रेस वे पर अलवर के रामगढ़ क्षेत्र के नौगांवा थाना इलाके का बताया गया है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी बीच सड़क पर युवक के साथ मारपीट कर रहा है, जबकि आसपास लोग तमाशबीन बने हुए हैं। बताया जा रहा है कि मारपीट में घायल ट्रक चालक की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़ित का भाई बोला, पुलिसकर्मी अवैध वसूली करते हैं
पीड़ित के बड़े भाई ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक्सप्रेस-वे पर तैनात कुछ पुलिसकर्मी अवैध वसूली करते हैं। उसके अनुसार उसका भाई अपने खलासी के साथ गाड़ी चलाने के लिए जा रहा था, उन्होंने हाईवे पर एक ट्रक गाड़ी को हाथ देकर रुकवाया और उसमें बैठने वाला था।


इतने में पुलिसकर्मी वहां पर पहुंच गए और उन्होंने गाडी को रुकवाने को लेकर गुस्से में आ गए। इसके बाद चालक से पुलिसकर्मी ने पैसे की मांग की। जब चालक ने पैसे देने से इनकार किया तो कहासुनी बढ़ गई और पुलिसकर्मी ने गुस्से में आकर उसकी पिटाई कर दी।
मारपीट का वीडियो सामने आया, तो हरकत में आई पुलिस
मामला सोशल मीडिया पर तूल पकड़ते ही पुलिस अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया। एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी के निर्देश पर नौगांवा थाने में तैनात आरोपी पुलिसकर्मी अनुराग को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और उन्हें इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि अवैध वसूली के आरोप प्रथम दृष्टया निराधार हैं और वाहन रोकने को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। बावजूद इसके, पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।
रिपोर्ट- हंसराज




साइन इन