rajasthan rajyasabha election bjp 2 congress one seat possible राजस्थान में राज्यसभा की 3 सीटों पर होंगे चुनाव, 2 पर BJP 1 पर कांग्रेस की जीत की संभावना; कौन सबसे बड़ा दावेदार, Rajasthan Hindi News - Hindustan
More

राजस्थान में राज्यसभा की 3 सीटों पर होंगे चुनाव, 2 पर BJP 1 पर कांग्रेस की जीत की संभावना; कौन सबसे बड़ा दावेदार

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद नीरज डांगी, भाजपा नेता राजेंद्र गहलोत और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह का कार्यकाल खत्म होने पर 3 सीटें खाली हो रही हैं। इस चुनाव में समीकरण के हिसाब से भारतीय जनता पार्टी के खाते में 2 सीट और कांग्रेस के खाते में एक सीट आने की संभावना है।

Sun, 24 May 2026 07:06 AMMohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
share
राजस्थान में राज्यसभा की 3 सीटों पर होंगे चुनाव, 2 पर BJP 1 पर कांग्रेस की जीत की संभावना; कौन सबसे बड़ा दावेदार

18 जून को राजस्थान की 3 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होना है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद नीरज डांगी, भाजपा नेता राजेंद्र गहलोत और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह का कार्यकाल खत्म होने पर ये सीटें खाली हुई हैं। इस चुनाव में समीकरण के हिसाब से भारतीय जनता पार्टी के खाते में 2 सीट और कांग्रेस के खाते में एक सीट आने की संभावना है। इन चुनावों के लिए कांग्रेस के दावेदार नेताओं की तरफ से लॉबिंग भी शुरू हो गई है। इन चुनावों में राज्यसभा की कांग्रेस की एक संभावित सीट के लिए तीन बड़े दावेदार भी सामने आ रहे हैं।

ये हैं कांग्रेस के सबसे बड़े दावेदार

राजस्थान की 3 राज्यसभा सीटों में से 2 पर भाजपा का दावा मजबूत है, वहीं एक सीट पर कांग्रेस की जीत की पूरी संभावना है। कांग्रेस की एक सीट के लिए 2 बड़े नेताओं ने अपनी-अपनी दावेदारी पेश कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी माने जाने वाले नीरज डांगी एक ओर जहां अपना दूसरा कार्यकाल चाहते हैं, वहीं इस एक सीट के लिए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा उदयपुर में अपनी जड़ों का हवाला देते हुए कांग्रेस की तरफ से राज्यसभा जाने की इच्छा जताई है।। इन दो नेताओं के अलावा अभी कांग्रेस की तरफ से तीसरे दावेदार का नाम सामने नहीं आया है।

कांग्रेस-बीजेपी के 5-5 राज्यसभा सांसद

बता दें कि राजस्थान में 10 राज्यसभा सीटें हैं। इन 10 सीटों में से 5 कांग्रेस के पास और 5 भाजपा के खाते में हैं। कांग्रेस के 5 राज्यसभा सांसदों में से, केवल नीरज डांगी ही राजस्थान के रहने वाले हैं, बाकी सभी राज्यसभा सांसद राजस्थान के बाहर के हैं। कांग्रेस के 4 अन्य राज्यसभा सांसदों में सोनिया गांधी, रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनिक, और प्रमोद तिवारी राजस्थान के बाहर के हैं। नीरज डांगी और पवन खेड़ा दोनों ही नेताओं ने आलाकमान से संपर्क कर अपनी दावेदारी पेश कर दी है और राज्यसभा जाने के लिए लॉबिंग भी शुरू कर दी है। हालांकि, कांग्रेस की तरफ से अभी तक प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं किया गया है।

एक बार पहले भी टूट चुका है पवन खेड़ा का दिल

साल 2022 में हुए राज्यसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस की चार राज्यसभा सीटों पर जीत की संभावना थी, तब पवन खेड़ा को उम्मीद थी कि उनका नाम भी लिस्ट में होगा। हालांकि, कांग्रेस ने पवन खेड़ा का नाम का ऐलान ना करके रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनिक, प्रमोद तिवारी को राज्यसभा भेजा था। तब पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखते हुए कहा था कि 'शायत मेरी मेहनत में कुछ कमी रह गई थी'

लेटेस्ट Hindi News, Rajasthan News, Jaipur News, Jodhpur News, Alwar News, Ajmer News, Udaipur News और Kota News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।