Maharaja Express Derailment Plot Foiled In Jaipur Due To Driver Alertness लग्जरी ट्रेन 'महाराज एक्सप्रेस' को बेपटरी करने की साजिश! सवार थे सैकड़ों विदेशी मेहमान, Rajasthan Hindi News - Hindustan
More

लग्जरी ट्रेन 'महाराज एक्सप्रेस' को बेपटरी करने की साजिश! सवार थे सैकड़ों विदेशी मेहमान

घटना के दौरान ट्रेन में सैकड़ों विदेशी मेहमान भी मौजूद थे। मगर ट्रेन ड्राइवर की सतर्कता से ये हादसा टल गया। यह हादसा मंगलवार रात करीब 11:30 बजे उस वक्त टला, जब ट्रेन जयपुर से सवाई माधोपुर की ओर जा रही थी।

Wed, 21 Jan 2026 03:55 PMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
share
लग्जरी ट्रेन 'महाराज एक्सप्रेस' को बेपटरी करने की साजिश! सवार थे सैकड़ों विदेशी मेहमान

देश की सबसे लग्जरी ट्रेनों में शुमार ‘महाराजा एक्सप्रेस’ राजस्थान के जयपुर में दुर्घटना का शिकार होते-होते बची। घटना के दौरान ट्रेन में सैकड़ों विदेशी मेहमान भी मौजूद थे। मगर ट्रेन ड्राइवर की सतर्कता से ये हादसा टल गया। यह हादसा मंगलवार रात करीब 11:30 बजे उस वक्त टला, जब ट्रेन जयपुर से सवाई माधोपुर की ओर जा रही थी।

ड्राइवर की सतर्कता से टला हादसा

जानकारी के मुताबिक, शिवदासपुरा इलाके में महात्मा गांधी अस्पताल के पास रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक लोको पायलट ने ट्रैक पर रखे लोहे के एंगल देख लिए। हालात की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे ट्रेन समय रहते रुक गई और बड़ा हादसा टल गया।

पटरियों पर पड़े थे लोहे के एंगल

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, पांच से छह लोहे के एंगल, करीब पांच फुट लंबे, जानबूझकर ट्रैक पर रखे गए थे ताकि ट्रेन को पटरी से उतारा जा सके। ट्रेन को करीब 35 मिनट तक रोका गया, इस दौरान ट्रैक से बाधा हटाई गई। घटना की सूचना मिलते ही RPF, GRP और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड की मदद से ट्रैक की गहन जांच की गई। सुरक्षित घोषित होने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।

रेलवे प्रशासन ने अलर्ट बढ़ाया

RPF ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में ट्रैक पेट्रोलिंग और सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। लग्जरी ट्रेन महाराजा एक्सप्रेस को पटरी से उतारने की साजिश की खबर ने सबको अलर्ट पर कर दिया है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि लोको पायलट की सतर्कता ने सैकड़ों यात्रियों की जान बचा ली, वरना यह एक बड़ी त्रासदी बन सकती थी।

इससे पहले भी ऐसी घटना हुई

गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले सितंबर में अरावली एक्सप्रेस को पटरी से उतारने की कोशिश की गई थी। अजमेर और अलवर में भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल के महीनों में वंदे भारत समेत कई ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं भी दर्ज हुई हैं।

देश की सबसे लग्जरी ट्रेन क्यों है?

महाराजा एक्सप्रेस को भारत की सबसे लग्जरी ट्रेन इसलिए कहा जाता है क्योंकि यह रेल यात्रा को शाही अनुभव में बदल देती है। इस ट्रेन में सुइट, प्रेसिडेंशियल सुइट, शानदार डाइनिंग कार, बार, लाउंज और बटलर सर्विस जैसी सुविधाएँ मिलती हैं। यात्रियों को पाँच सितारा होटल जैसी सुविधा ट्रेन के अंदर ही मिलती है।

इन रास्तों पर चलती है ये ट्रेन

यह ट्रेन देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों- जयपुर, आगरा, उदयपुर, वाराणसी और खजुराहो-से होकर गुजरती है। विदेशी पर्यटकों के बीच यह ट्रेन बेहद लोकप्रिय है और भारत की विरासत, संस्कृति और शाही परंपरा को दुनिया के सामने प्रस्तुत करती है।

लेटेस्ट Hindi News, Rajasthan News, Jaipur News, Jodhpur News, Alwar News, Ajmer News, Udaipur News और Kota News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।