टोंक कलक्टर IAS Tina Dabi के आवास पर फन फैलाए बैठा 5 फीट का कोबरा; कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी
टोंक जिले में जिला कलक्टर के सरकारी आवास परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। अचानक सामने आए सांप को देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया

टोंक जिले में जिला कलक्टर के सरकारी आवास परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। अचानक सामने आए सांप को देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया और तुरंत सिविल डिफेंस टीम को सूचना दी गई।
निजी सहायक ने सबसे पहले देखा सांप
जानकारी के अनुसार, जिला कलक्टर के निजी सहायक की नजर सबसे पहले परिसर में मौजूद कोबरा पर पड़ी। इसके बाद तत्काल अधिकारियों को सूचित किया गया और पूरे आवास परिसर में अलर्ट जारी कर दिया गया।
सिविल डिफेंस टीम ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस से जुड़े गालिब खान मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस दौरान कोबरा करीब 20 मिनट तक फन फैलाकर एक ही स्थान पर बैठा रहा, जिससे मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए। टीम ने बेहद सावधानी के साथ सांप को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया कोबरा
रेस्क्यू टीम को सांप को काबू में करने में करीब आधे घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। बाद में कोबरा को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया और उसे जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। टीम ने बताया कि सांप ‘नाजा’ प्रजाति का था, जो अत्यंत जहरीला माना जाता है।
शिकार के बाद सुस्त अवस्था में था सांप
रेस्क्यू टीम के अनुसार, कोबरा ने हाल ही में शिकार किया था, जिसके कारण वह कुछ समय तक सुस्त अवस्था में पड़ा रहा। हालांकि रेस्क्यू के दौरान उसने आक्रामक व्यवहार भी दिखाया, लेकिन टीम की सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
घटना के समय आवास पर मौजूद नहीं थीं कलक्टर
राहत की बात यह रही कि घटना के समय जिला कलक्टर Tina Dabi आवास पर मौजूद नहीं थीं। यदि वे वहां होतीं तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद पूरे परिसर में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता
सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। प्रशासन ने परिसर में सतर्कता बढ़ाने और ऐसे मामलों में तुरंत सूचना देने के निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों ने कहा कि मौसम में बदलाव के चलते वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
टोंक की 68वीं जिला कलक्टर हैं टीना डाबी
गौरतलब है कि Tina Dabi को हाल ही में टोंक जिले का जिला कलक्टर नियुक्त किया गया है। वे जिले की 68वीं जिला कलक्टर हैं और इससे पहले बाड़मेर में भी जिला कलक्टर रह चुकी हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन