थोड़ी सी इज्जत दे दे यार, जयपुर बायोलॉजिकल पार्क में टाइगर सूर्या से टकराया मंत्री का एटीट्यूड
जयपुर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में उस वक्त दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब प्रदेश के वन मंत्री संजय शर्मा की मुलाकात पार्क के चर्चित टाइगर ‘सूर्या’ से हुई। यह मुलाकात मजेदार ज्यादा बन गई

जयपुर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में उस वक्त दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब प्रदेश के वन मंत्री संजय शर्मा की मुलाकात पार्क के चर्चित टाइगर ‘सूर्या’ से हुई। यह मुलाकात मजेदार ज्यादा बन गई, जब टाइगर के तेवरों के आगे मंत्रीजी का अंदाज भी हल्का-फुल्का नजर आया।
मंत्री पहुंचे पार्क
दरअसल, वन मंत्री संजय शर्मा पार्क की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे थे। हाल ही में कश्मीर से आए भालुओं के जोड़े के लिए किए गए इंतजामों को भी उन्होंने करीब से देखा। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि भालुओं को यहां के माहौल में ढालने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं, ताकि उन्हें अपने पुराने ठिकाने की याद कम सताए। इसके लिए उन्हें ठंडे फल जैसे तरबूज और आइसक्रीम तक दी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान मंत्रीजी का काफिला टाइगर सूर्या के एनक्लोजर तक पहुंचा। ‘सूर्या’ पहले से ही अपने रौब और एटीट्यूड के लिए जाना जाता है। जैसे ही मंत्रीजी उसके करीब पहुंचे, उन्होंने उसे दुलारभरी आवाज में पुकारना शुरू कर दिया। माहौल कुछ हल्का-फुल्का था, लेकिन अगला पल अचानक बदल गया।
मंत्री ने दोस्ती करनी चाही
मंत्रीजी ने पिंजरे की जाली पर हाथ रखा और सूर्या से ‘दोस्ती’ करने की कोशिश की। लेकिन टाइगर ने अपने अंदाज में जवाब दिया तेज गुर्राहट के साथ। टाइगर की इस प्रतिक्रिया से मंत्रीजी एकदम बैकफुट पर आ गए और तुरंत थोड़ा पीछे हट गए।
पीछे खड़े अधिकारियों और स्टाफ के बीच यह दृश्य देखते ही हंसी छूट गई। माहौल में ठहाके गूंजने लगे। इसी दौरान मंत्रीजी ने भी हल्के अंदाज में स्थिति को संभालते हुए टाइगर से मजाकिया लहजे में कहा थोड़ी सी इज्जत दे दे यार।
मंत्री का डायलॉग
मंत्रीजी का यह डायलॉग सुनते ही वहां मौजूद लोग और भी ज्यादा हंस पड़े। कुछ देर के लिए पूरा माहौल बिल्कुल अनौपचारिक और मजेदार हो गया।
हालांकि, टाइगर के साथ इस ‘अनएक्सपेक्टेड’ रिस्पॉन्स के बाद मंत्रीजी ने अपनी रणनीति बदल ली। जब वे कश्मीर से आए भालुओं के एनक्लोजर की ओर बढ़े, तो इस बार खाली हाथ नहीं गए। उन्होंने भालुओं के लिए शहद की बोतल साथ ली।
भालुओं के पास पहुंचकर मंत्रीजी ने उन्हें शहद खिलाया, जिस पर भालुओं का रिस्पॉन्स काफी पॉजिटिव रहा। भालुओं ने आराम से शहद का आनंद लिया और कोई आक्रामक प्रतिक्रिया नहीं दी। इस बार मंत्रीजी भी पूरी तरह कॉन्फिडेंट नजर आए।
इस पूरे घटनाक्रम ने यह साफ कर दिया कि जंगल के ‘राजा’ के सामने किसी का रुतबा नहीं चलता, चाहे वह मंत्री ही क्यों न हो। वहीं, भालुओं के साथ मंत्रीजी की ‘मीठी’ दोस्ती ने इस दौरे को यादगार बना दिया।
नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में हुआ यह वाकया अब चर्चा का विषय बन गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन