राजस्थान में 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, गर्मी से ट्रेन कोच में आग
राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम ने करवट ले ली है। जहां एक ओर भीषण गर्मी के बीच कई जिलों में राहत भरी बारिश हुई, वहीं दूसरी ओर गर्मी के कारण हादसों की घटनाएं भी सामने आई हैं।

राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम ने करवट ले ली है। जहां एक ओर भीषण गर्मी के बीच कई जिलों में राहत भरी बारिश हुई, वहीं दूसरी ओर गर्मी के कारण हादसों की घटनाएं भी सामने आई हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के 15 जिलों में आंधी और हल्की से मध्यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी जयपुर, अलवर और दौसा में सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि दौसा में चने के आकार के ओले गिरने की भी सूचना है।
गर्मी के बीच ट्रेन कोच में लगी आग
धौलपुर में भीषण गर्मी के चलते एक ट्रेन के कोच के निचले हिस्से में आग लगने की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार आग ब्रेक पैडल के पास लगी थी, जिसे समय रहते बुझा लिया गया। प्रारंभिक आशंका है कि अत्यधिक तापमान के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद यात्रियों में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
कई शहरों में तापमान में गिरावट
बीते 24 घंटों में मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिला। जैसलमेर, चूरू, नागौर, हनुमानगढ़, बाड़मेर, पिलानी, फतेहपुर और दौसा समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। पश्चिमी हवाओं के कमजोर होने और पूर्वी हवाओं के सक्रिय होने से यह बदलाव आया है।
जयपुर-अलवर-दौसा में सुबह बारिश
राजधानी जयपुर में बुधवार सुबह तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। देर रात से ही आसमान में बादल छाए रहे। इसी तरह अलवर और दौसा जिले के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। दौसा में ओलावृष्टि ने मौसम को और सुहावना बना दिया।
अगले कुछ दिन ऐसे रहेंगे हालात
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 3 से 4 दिनों तक प्रदेश में मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव का असर जारी रह सकता है। मई के पहले सप्ताह में भी प्रदेश में गर्मी का प्रकोप पूरी तरह खत्म नहीं होगा, लेकिन बीच-बीच में आंधी-बारिश राहत देती रहेगी।
अजमेर में पारा गिरा, फिर भी गर्मी बरकरार
अजमेर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले करीब 2 डिग्री कम है। हालांकि तेज धूप और लू के थपेड़ों से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। सोमवार को यहां तापमान ने पिछले तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था।
जोधपुर में 41 डिग्री तापमान, अस्पताल में इंतजाम
जोधपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री दर्ज किया गया। गर्मी को देखते हुए मथुरादास माथुर अस्पताल में मरीजों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। वेटिंग एरिया में टेंट, कूलर और बैठने की व्यवस्था की गई है ताकि लोगों को राहत मिल सके।
सीकर और फतेहपुर में भी राहत
सीकर में सोमवार को आए अंधड़ और बूंदाबांदी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। फतेहपुर स्थित मौसम केंद्र पर मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो पिछले दिन के मुकाबले करीब 3.5 डिग्री कम है।
कोटा में स्कूटी में लगी आग
कोटा में भी गर्मी का असर देखने को मिला, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी दौरान शहर में एक स्कूटी में आग लगने की घटना भी सामने आई। माना जा रहा है कि अत्यधिक तापमान इसकी वजह हो सकता है।
उदयपुर और जयपुर में मिली राहत
उदयपुर में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंचा, जो पिछले दिन की तुलना में 2 डिग्री कम है। वहीं जयपुर में बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 2.6 और न्यूनतम में 3.7 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई, जिससे लोगों को हल्की राहत मिली है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन