राजस्थान में हरियाणा नंबर कार की टक्कर से पलटी पुलिस जीप, महिला अधिकारी की मौके पर मौत
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में महिला थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक (सीआई) ज्योति नायक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 4 बजे पायल थियेटर रोड पर दुर्गा मंदिर चौराहे के पास हुआ

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में महिला थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक (सीआई) ज्योति नायक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 4 बजे पायल थियेटर रोड पर दुर्गा मंदिर चौराहे के पास हुआ, जब वे नियमित रात्रि गश्त पर थीं। तेज रफ्तार कार द्वारा पीछे से मारी गई जोरदार टक्कर के बाद उनकी पुलिस जीप पलट गई, जिससे यह हादसा जानलेवा साबित हुआ।
गश्त के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआई ज्योति नायक रात भर क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। वे किसान चौक से चेकिंग करते हुए रमेश चौक की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पायल थियेटर की दिशा से आ रही हरियाणा नंबर की एक तेज रफ्तार कार ने उनकी सरकारी जीप को पीछे से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की गति काफी अधिक थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
पलटी जीप, नीचे दब गई अधिकारी
टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के दौरान सीआई ज्योति नायक वाहन के नीचे दब गईं। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। सड़क पर खून के निशान और क्षतिग्रस्त वाहनों के टुकड़े हादसे की भयावहता बयां कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक पुलिसकर्मी घायल, चालक भी चोटिल
इस हादसे में जीप में मौजूद एक अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है। वहीं कार चालक, जो खजूवाला क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, को भी गंभीर चोटें आई हैं। उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
शहर कोतवाल पृथ्वीपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे का मुख्य कारण प्रतीत हो रही है। कार ने पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि जीप का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया जायजा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर मौत का कारण बनने की धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं।
जुझारू और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थीं ज्योति नायक
सीआई ज्योति नायक को विभाग में एक अनुभवी, साहसी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में जाना जाता था। वे अपने सख्त लेकिन संवेदनशील कार्यशैली के लिए पहचानी जाती थीं। महिला थाना प्रभारी के रूप में उन्होंने कई संवेदनशील मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया था।
वे पूर्व मंत्री दुलाराम जी की पोती और पूर्व विधायक दौलतराज नायक की भांजी थीं। उनके असामयिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
विभाग में शोक
सीआई ज्योति नायक के निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। साथी अधिकारी और कर्मचारी स्तब्ध हैं। विभाग की ओर से उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने की तैयारी की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन