rajasthan sawai madhopur mobile ke lalach me yuvak ki hatya kidnapping thar gaadi uliyana gaon kundera thaana case news राजस्थान के सवाईमाधोपुर में मोबाइल के लालच में युवक की हत्या, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

राजस्थान के सवाईमाधोपुर में मोबाइल के लालच में युवक की हत्या

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के कुंडेरा थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवक के अपहरण के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना उलियाना गांव की है, जहां मोबाइल को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। 

Sat, 9 May 2026 01:07 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
राजस्थान के सवाईमाधोपुर में मोबाइल के लालच में युवक की हत्या

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के कुंडेरा थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवक के अपहरण के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना उलियाना गांव की है, जहां मोबाइल को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। युवक का शव घर से करीब 10 किलोमीटर दूर सेलू चौराहे के आगे खाट का नाला इलाके में पेड़ के पास मिला।

परिवार शादी में गया था, घर पर थे दो भाई-बहन

मृतक की पहचान मनकुश मीणा (18) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को परिवार के लोग एक शादी समारोह में गए हुए थे। घर पर मनकुश और उसकी बहन मौजूद थे। इसी दौरान यह पूरी वारदात हुई।

थार गाड़ी में आए युवक, मोबाइल को लेकर हुआ विवाद

परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ युवक बिना नंबर की थार गाड़ी में आए। इनमें सुरेंद्र, जितेंद्र, अंकित, अमित, भीम सिंह, प्रभुलाल और कमलेश शामिल थे। बताया जा रहा है कि इन लोगों और मनकुश के बीच मोबाइल को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में झगड़े में बदल गया।

घर से किया गया अपहरण, जबरन ले गए साथ

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मनकुश को जबरन पकड़ लिया और उसे अपने साथ थार गाड़ी में ले गए। उस समय घर पर मौजूद उसकी बहन ने पूरी घटना देखी, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।

रात में लौटे परिजनों को मिला अपहरण का पता

शाम को जब परिवार के लोग शादी से लौटे तो उन्हें बेटे के अपहरण की जानकारी मिली। परिजनों ने तुरंत फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिवार के लोग कुंडेरा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई।

सुबह मिला शव, इलाके में मची सनसनी

शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सेलू चौराहे के आगे खाट का नाला इलाके में एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान मनकुश मीणा के रूप में की। शव की हालत देखकर इलाके में सनसनी फैल गई।

शरीर पर चोट के निशान, शर्ट भी गायब

परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और उसकी शर्ट भी गायब थी। इससे साफ है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस ने शव को सवाई माधोपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

ऑनलाइन फ्रॉड एंगल भी जांच में शामिल

सीओ सिटी उदय सिंह मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऑनलाइन फ्रॉड को लेकर भी विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

नामजद आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

परिवार में इकलौता बेटा था मनकुश

मनकुश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी चार बहनें हैं, जिनमें तीन की शादी हो चुकी है। एक छोटी बहन अभी अविवाहित है। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।