राजस्थान में अल्ट्रासाउंड के लिए निकली गर्भवती महिला समेत 3 की मौत, रोडवेज बस ने मारी टक्कर
श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं में एक छह माह की गर्भवती महिला भी शामिल थी

श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं में एक छह माह की गर्भवती महिला भी शामिल थी, जो अपने अल्ट्रासाउंड के लिए घर से निकली थी। तेज रफ्तार बस तीनों महिलाओं को स्कूटी समेत करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे मौके पर ही दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि गर्भवती महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसा रायसिंहनगर थाना क्षेत्र में केवी स्कूल के पास भारत माला रोड पर दोपहर करीब तीन बजे हुआ। मृतक महिलाओं की पहचान सुमन (28), पिंकी (23) और रेशमा (29) के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं एक ही परिवार की बताई जा रही हैं। जानकारी के अनुसार, रेशमा छह महीने की गर्भवती थी और वह अपने परिजनों सुमन व पिंकी के साथ ई-स्कूटी पर रायसिंहनगर अल्ट्रासाउंड कराने जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही महिलाएं भारत माला रोड पर चढ़ने के लिए स्कूटी मोड़ रही थीं, उसी दौरान रायसिंहनगर से बीकानेर की ओर जा रही राजस्थान रोडवेज की बस ने सामने से तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार तीनों महिलाएं बस के नीचे आ गईं। इसके बाद बस चालक ने वाहन नहीं रोका और बस तीनों महिलाओं को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में ई-स्कूटी पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
घटना के तुरंत बाद बस में सवार यात्रियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर दौड़ पड़े और 42 एनपी टोल प्लाजा से एम्बुलेंस को सूचना दी गई। तब तक सुमन और पिंकी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल रेशमा को रायसिंहनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए उसे श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। हालांकि, श्रीगंगानगर ले जाते समय रास्ते में ही रेशमा ने दम तोड़ दिया।
रायसिंहनगर थाना प्रभारी महावीर प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही स्कूटी भारत माला रोड पर मुड़ी, बस ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक महिलाओं के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां माहौल गमगीन हो गया। एक ही परिवार की तीन महिलाओं की मौत से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषी बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भारत माला रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन गति नियंत्रण और ट्रैफिक नियमों की सख्ती से पालना नहीं होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल और चेतावनी संकेतों की कमी है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपने की तैयारी में जुटी है। वहीं, फरार बस चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन