rajasthan rajsamand missing woman minor son murder accused confession राजस्थान के राजसमंद में लापता महिला और नाबालिग बेटे के शव बरामद, आरोपी ने हत्या कबूली, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

राजस्थान के राजसमंद में लापता महिला और नाबालिग बेटे के शव बरामद, आरोपी ने हत्या कबूली

राजस्थान के राजसमंद जिले में हफ्ते भर से लापता 22 वर्षीय महिला और उसके डेढ़ वर्षीय बेटे के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, महिला का शव तालाब से जबकि नाबालिग बेटे का शव पास के जंगली इलाके से मिला है। 

Thu, 19 Feb 2026 06:18 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
राजस्थान के राजसमंद में लापता महिला और नाबालिग बेटे के शव बरामद, आरोपी ने हत्या कबूली

राजस्थान के राजसमंद जिले में हफ्ते भर से लापता 22 वर्षीय महिला और उसके डेढ़ वर्षीय बेटे के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, महिला का शव तालाब से जबकि नाबालिग बेटे का शव पास के जंगली इलाके से मिला है। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने कथित तौर पर दोनों की हत्या करना कबूल कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि मृतका प्रियंका (22) 11 फरवरी की रात अपने डेढ़ वर्षीय बेटे आर्यन के साथ घर से निकली थी। परिजनों ने जब काफी तलाश के बाद भी दोनों का पता नहीं लगाया तो 12 फरवरी को भीम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रियंका घर से कुछ कीमती सामान भी साथ ले गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगालने पर सामने आया कि प्रियंका का संपर्क गोविंद सिंह नामक व्यक्ति से लगातार बना हुआ था। संदेह के आधार पर पुलिस ने बुधवार रात गोविंद सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने महिला और उसके बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

भीम थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी ने खुलासा किया कि उसने महिला की हत्या कर शव को एक तालाब में फेंक दिया, जबकि बच्चे की हत्या के बाद उसका शव एक जंगली इलाके में ठिकाने लगाया। आरोपी के बताए स्थानों पर पुलिस टीमों को भेजा गया, जहां तलाशी अभियान चलाया गया। गुरुवार को महिला का शव तालाब से बरामद किया गया, जबकि उसके बेटे का शव तालाब से काफी दूरी पर स्थित जंगल क्षेत्र से मिला।

दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के तरीके और समय को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में प्रियंका और गोविंद सिंह के बीच कथित तौर पर अवैध संबंध होने की बात सामने आई है। हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात पूर्व नियोजित थी या किसी विवाद के बाद घटना को अंजाम दिया गया।

घटना के बाद स्थानीय क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रियंका के लापता होने के बाद से ही परिवार गहरे सदमे में था और लगातार पुलिस से मदद की गुहार लगा रहा था। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को जल्द ही न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है, ताकि हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या इस वारदात में किसी और की भूमिका तो नहीं है।

राजसमंद जिले में हुई इस दोहरे हत्याकांड ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले का खुलासा तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के चलते संभव हो सका। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए ठोस साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य संकलन में जुटी हुई है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।