rajasthan police investment cyber fraud sebi check warning निवेश से पहले एक क्लिक नहीं किया तो… खाली हो सकता है आपका खाता! राजस्थान पुलिस की चेतावनी, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

निवेश से पहले एक क्लिक नहीं किया तो… खाली हो सकता है आपका खाता! राजस्थान पुलिस की चेतावनी

ऑनलाइन निवेश और ट्रेडिंग के नाम पर बढ़ती साइबर ठगी की घटनाओं के बीच Rajasthan Police की साइबर शाखा ने आम नागरिकों के लिए विशेष सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार का निवेश या ट्रेडिंग से जुड़ा भुगतान करने से पहले संबंधित यूपीआई आईडी

Sat, 21 Feb 2026 12:57 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
निवेश से पहले एक क्लिक नहीं किया तो… खाली हो सकता है आपका खाता! राजस्थान पुलिस की चेतावनी

ऑनलाइन निवेश और ट्रेडिंग के नाम पर बढ़ती साइबर ठगी की घटनाओं के बीच Rajasthan Police की साइबर शाखा ने आम नागरिकों के लिए विशेष सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार का निवेश या ट्रेडिंग से जुड़ा भुगतान करने से पहले संबंधित यूपीआई आईडी, क्यूआर कोड या बैंक खाते का ‘SEBI Check’ के जरिए सत्यापन अवश्य करें। यह एडवाइजरी महानिदेशक पुलिस के मार्गदर्शन में जारी की गई है, ताकि लोग फर्जी निवेश योजनाओं के जाल में फंसने से बच सकें।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हाल के महीनों में ऐसे मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जिनमें साइबर अपराधी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, मैसेजिंग ऐप और फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से निवेशकों को ऊंचे रिटर्न और कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देते हैं। प्रारंभिक तौर पर छोटे मुनाफे दिखाकर भरोसा बनाया जाता है और बाद में बड़ी रकम हड़प ली जाती है।

फर्जी स्कीमों से ठगी का बढ़ता जाल

साइबर शाखा के उपमहानिरीक्षक विकास शर्मा ने बताया कि निवेशकों की सुरक्षा के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने एक सत्यापन सुविधा उपलब्ध कराई है। इस सुविधा के माध्यम से यह जांचा जा सकता है कि भुगतान के लिए दी गई यूपीआई आईडी या बैंक खाता किसी सेबी-पंजीकृत मध्यस्थ, ब्रोकर या निवेश सलाहकार से जुड़ा है या नहीं।

उन्होंने कहा कि कई मामलों में ठग निजी बैंक खातों या फर्जी यूपीआई आईडी के जरिए रकम मंगवाते हैं, जो किसी भी अधिकृत संस्था से संबद्ध नहीं होती। ऐसे में ‘SEBI Check’ निवेशकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच साबित हो सकता है।

ऐसे करें ‘SEBI Check’

पुलिस ने ‘SEBI Check’ की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई है। इसके लिए निवेशक सबसे पहले SEBI Saathi ऐप डाउनलोड करें या सेबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर उपलब्ध ‘SEBI Check’ विकल्प पर क्लिक करने के बाद संबंधित संस्था या व्यक्ति का क्यूआर कोड अपलोड किया जा सकता है या फिर यूपीआई आईडी अथवा बैंक खाता संख्या दर्ज की जा सकती है।

सिस्टम द्वारा तुरंत यह जानकारी दी जाती है कि संबंधित आईडी सेबी-पंजीकृत संस्था से जुड़ी है या नहीं। यदि स्क्रीन पर ‘UPI ID is valid’ प्रदर्शित होता है तो इसका अर्थ है कि भुगतान आईडी सेबी में पंजीकृत संस्था से संबद्ध है और लेनदेन अपेक्षाकृत सुरक्षित हो सकता है। वहीं ‘UPI ID is invalid’ दिखाई देने पर तत्काल सतर्क हो जाएं और किसी भी परिस्थिति में भुगतान न करें।

केवल पंजीकृत ब्रोकर के माध्यम से निवेश की सलाह

पुलिस ने निवेशकों को सलाह दी है कि वे केवल सेबी-पंजीकृत ब्रोकर या अधिकृत निवेश सलाहकार के माध्यम से ही निवेश करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित आकर्षक विज्ञापनों, व्हाट्सएप/टेलीग्राम ग्रुप में दिए जाने वाले ‘इनसाइडर टिप्स’ और तेजी से मुनाफा कमाने के दावों से दूरी बनाए रखें। किसी भी निजी या व्यक्तिगत बैंक खाते में निवेश राशि जमा करने से सख्ती से बचने की हिदायत दी गई है।

उपमहानिरीक्षक विकास शर्मा ने कहा, “निवेशकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। थोड़ी सी सतर्कता बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है। किसी भी भुगतान से पहले ‘SEBI Check’ अवश्य करें।”

धोखाधड़ी होने पर तुरंत करें शिकायत

यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है तो उसे बिना देर किए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए। इसके अलावा राज्य स्तरीय साइबर हेल्प डेस्क नंबर 9256001930 और 9257510100 पर भी संपर्क किया जा सकता है। ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के लिए आधिकारिक पोर्टल National Cyber Crime Reporting Portal (cybercrime.gov.in) उपलब्ध है। नजदीकी पुलिस स्टेशन में भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

राजस्थान पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि निवेश से पहले जांच को आदत बनाएं। आकर्षक रिटर्न के वादों के पीछे छिपे जोखिम को समझें और बिना सत्यापन किसी भी डिजिटल भुगतान से बचें। पुलिस का कहना है कि जागरूकता और सतर्कता ही साइबर ठगी के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।