rajasthan petrol diesel price excise duty cut fuel price relief india राजस्थान में पेट्रोल-डीजल कीमतों में एक्साइज कटौती, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

राजस्थान में पेट्रोल-डीजल कीमतों में एक्साइज कटौती

वैश्विक कच्चे तेल संकट और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में बड़ी कटौती कर आम लोगों को राहत देने का फैसला लिया है।

Fri, 27 March 2026 05:11 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
share
राजस्थान में पेट्रोल-डीजल कीमतों में एक्साइज कटौती

वैश्विक कच्चे तेल संकट और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में बड़ी कटौती कर आम लोगों को राहत देने का फैसला लिया है। सरकार के इस कदम से देशभर में ईंधन की कीमतों में गिरावट की उम्मीद जताई जा रही है, जिसका असर राजस्थान में भी देखने को मिल सकता है।

सरकार के फैसले के तहत पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी को 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपये कर दिया गया है, यानी सीधे 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है। वहीं डीजल पर लगने वाली 10 रुपये प्रति लीटर की एक्साइज ड्यूटी को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। इस फैसले को मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में कीमतों को नियंत्रित रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

दरअसल, ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हो रही है, जिससे कीमतों में उछाल की आशंका बनी हुई है। ऐसे में केंद्र सरकार ने समय रहते हस्तक्षेप करते हुए एक्साइज ड्यूटी में कटौती का फैसला लिया है, ताकि घरेलू बाजार में कीमतों को संतुलित रखा जा सके।

अगर इस कटौती का पूरा लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचता है, तो दिल्ली में पेट्रोल की कीमतों में करीब 10 से 12 रुपये प्रति लीटर तक की गिरावट आ सकती है, जबकि डीजल 8 से 10 रुपये प्रति लीटर तक सस्ता हो सकता है। अनुमान है कि पेट्रोल 94 से 96 रुपये और डीजल 82 से 85 रुपये प्रति लीटर के आसपास आ सकता है, हालांकि अंतिम कीमतें राज्य सरकारों के वैट पर निर्भर करेंगी।

राजस्थान में फिलहाल 27 मार्च 2026 को कीमतों में स्थिरता बनी हुई है। जयपुर में पेट्रोल 104.85 रुपये और डीजल 90.33 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। जोधपुर में पेट्रोल 104.59 और डीजल 90.10 रुपये, अजमेर में पेट्रोल 104.36 और डीजल 89.88 रुपये प्रति लीटर है।

उदयपुर में पेट्रोल 105.51 और डीजल 90.93 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है, जबकि बीकानेर में सबसे महंगा पेट्रोल 106.20 और डीजल 91.73 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। कोटा और भरतपुर में भी पेट्रोल की कीमतें 104 से 105 रुपये प्रति लीटर के आसपास बनी हुई हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, यदि केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी कटौती का पूरा लाभ राज्यों तक पास किया जाता है, तो राजस्थान में भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 8 से 12 रुपये प्रति लीटर तक की कमी आ सकती है। इससे परिवहन लागत घटेगी और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।