राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में मधुमक्खियों का तांडव,2 की मौत,50 घायल; अंतिम संस्कार में बरपा कहर
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के बेंगू उपखंड क्षेत्र के पारसोली कीतियास गांव में मधुमक्खियों के हमले ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। यहां कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग हमलों में दो बुजुर्गों की मौत हो गई

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के बेंगू उपखंड क्षेत्र के पारसोली कीतियास गांव में मधुमक्खियों के हमले ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। यहां कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग हमलों में दो बुजुर्गों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
पूजा से लौटते वक्त बुजुर्ग पर पहला हमला
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बुजुर्ग जमनालाल मंगलवार को पूजा कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें तुरंत बेंगू के अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान बुधवार शाम करीब 4 बजे उनकी मौत हो गई।
अंतिम संस्कार के दौरान दोबारा हमला, मची भगदड़
जमनालाल की मौत के बाद बुधवार सुबह परिजन और ग्रामीण शव यात्रा लेकर शमशान घाट पहुंचे। वहां अंतिम संस्कार की तैयारियां चल ही रही थीं कि अचानक एक बार फिर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस अप्रत्याशित हमले से शमशान घाट पर भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
50 से ज्यादा घायल, एक और बुजुर्ग ने तोड़ा दम
इस दूसरे हमले में करीब 50 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से पांच लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान 83 वर्षीय भवानी शंकर की भी मौत हो गई। वह भी पारसोली गांव के निवासी थे।
प्रशासन की एंट्री, PPE किट पहनकर कराया अंतिम संस्कार
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सावधानी बरतते हुए कर्मचारियों को PPE किट पहनाकर शमशान घाट भेजा, जिसके बाद सुरक्षित तरीके से अंतिम संस्कार कराया गया।
ग्रामीणों में डर, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और प्रभावित क्षेत्र से दूरी बनाए रखने की अपील की है। साथ ही वन विभाग की टीमों को मधुमक्खियों के छत्तों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित हटाने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और घायलों का इलाज जारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन