राजस्थान में ACB का बड़ा ट्रैप, SDM काजल मीणा घूस लेते दबोची गईं, पूरा स्टाफ घेरे में
राजस्थान के करौली जिले के नादौती उपखंड कार्यालय में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है, जहां एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए SDM काजल मीणा को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।

राजस्थान के करौली जिले के नादौती उपखंड कार्यालय में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है, जहां एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए SDM काजल मीणा को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में SDM के रीडर दिनेश और UDC प्रवीण को भी रंगे हाथों पकड़ा गया है। ACB टीम को मौके से रिश्वत की रकम के अलावा 4 लाख रुपए अतिरिक्त नकद भी बरामद हुए हैं, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला खातेदारी जमीन के बंटवारे (तकासमा) से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि SDM काजल मीणा ने जमीन विवाद में फैसला अपने पक्ष में करवाने के लिए परिवादी से 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में सौदेबाजी के बाद यह रकम 60 हजार रुपए पर तय हुई।
ACB के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान सिंह ने बताया कि 15 अप्रैल को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने नादौती SDM कार्यालय में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। शिकायतकर्ता ने बताया कि SDM और उनके रीडर द्वारा फैसले के बदले पैसे मांगे जा रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद ACB टीम ने 16 अप्रैल को मामले का सत्यापन किया। इस दौरान आरोपियों द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि टेलीफोनिक बातचीत के जरिए की गई। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप प्लान तैयार किया।
गुरुवार शाम करीब 6 बजे शिकायतकर्ता तय योजना के अनुसार 60 हजार रुपए लेकर SDM कार्यालय पहुंचा। वहां उसने रीडर दिनेश और UDC प्रवीण को रकम सौंपी। बताया जा रहा है कि रीडर ने 50 हजार रुपए SDM के लिए और 10 हजार रुपए अपने लिए तय किए थे। जैसे ही रीडर ने पैसे लेकर UDC को सौंपे, पहले से घात लगाए बैठी ACB टीम ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
रीडर और UDC की गिरफ्तारी के तुरंत बाद टीम ने SDM काजल मीणा को भी हिरासत में ले लिया। इसके बाद कार्यालय की तलाशी ली गई, जिसमें 60 हजार रुपए की रिश्वत राशि के अलावा 4 लाख रुपए अतिरिक्त नकद बरामद हुए। इन रुपयों के स्रोत को लेकर अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है।
ACB अधिकारियों के अनुसार, नादौती SDM कार्यालय के खिलाफ पहले से ही भ्रष्टाचार की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच अब और गहराई से की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस भ्रष्टाचार नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
फिलहाल ACB टीम तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन