दिल्ली पहुंचा सीकर का हिस्ट्रीशीटर, राहुल गांधी से मुलाकात के बाद गैंगस्टर लिंक पर बवाल
झुंझुनूं के होनहार छात्र प्रदीप मेघवाल के सुसाइड मामले ने अब नया राजनीतिक और प्रशासनिक मोड़ ले लिया है। नीट परीक्षा को लेकर मानसिक तनाव और विवादों के बीच आत्महत्या करने वाले प्रदीप के पीड़ित परिवार ने हाल ही में दिल्ली में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की।

झुंझुनूं के होनहार छात्र प्रदीप मेघवाल के सुसाइड मामले ने अब नया राजनीतिक और प्रशासनिक मोड़ ले लिया है। नीट परीक्षा को लेकर मानसिक तनाव और विवादों के बीच आत्महत्या करने वाले प्रदीप के पीड़ित परिवार ने हाल ही में दिल्ली में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। करीब आधे घंटे तक चली इस मुलाकात में राहुल गांधी ने परिवार को सांत्वना दी और न्याय दिलाने का भरोसा भी जताया। लेकिन इस मुलाकात की एक तस्वीर सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम पर नई बहस छिड़ गई है।
दरअसल, पीड़ित परिवार के साथ दिल्ली पहुंचे लोगों में सीकर का एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल था, जिसके बाद सोशल मीडिया से लेकर सुरक्षा एजेंसियों तक हलचल तेज हो गई है। यह हिस्ट्रीशीटर कोई और नहीं बल्कि सीकर निवासी राजेश जोया बताया जा रहा है।
चर्चा में आया राजेश जोया का नाम
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, राजेश जोया सीकर के कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर साल 2004 से लेकर 2024 तक हत्या, मारपीट, धमकी और राजकार्य में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोपों में कुल 14 मुकदमे दर्ज बताए जाते हैं। राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान उसकी मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों के बाद लोग यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर एक हिस्ट्रीशीटर पीड़ित परिवार के साथ दिल्ली कैसे पहुंचा और मुलाकात में उसकी भूमिका क्या थी।
रोहित गोदारा गैंग से जुड़ चुका है नाम
सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड के अनुसार, राजेश जोया का नाम पहले कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से भी जुड़ चुका है। अप्रैल 2024 में सामने आई एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय बदमाश राहुल रिणाउ की बहन की शादी के दौरान कन्यादान जुटाने के लिए राजेश जोया और उसके साथियों ने अन्य बदमाशों को धमकी भरे संदेश भेजे थे।
बताया गया कि संदेश में साफ कहा गया था कि जो भी कन्यादान नहीं देगा, उसे गैंग का दुश्मन माना जाएगा। इसके बाद कई बदमाश शादी में पहुंचे और मोटी रकम कन्यादान के रूप में दी गई। इसी मामले के बाद से राजेश जोया का नाम रोहित गोदारा गैंग से जोड़ा जाने लगा।
राहुल गांधी ने परिवार को दिया न्याय का भरोसा
प्रदीप मेघवाल की मौत के बाद एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ पीड़ित परिवार से मिलने उनके गांव पहुंचे थे। इसी दौरान राहुल गांधी से फोन पर परिवार की बातचीत भी करवाई गई थी। इसके बाद परिवार को दिल्ली बुलाया गया।
बुधवार को प्रदीप के पिता राजेश माहिच, बहन बबीता, चचेरे भाई विजेंद्र माहिच, श्रवण कांटीवाल और राजेश जोया राहुल गांधी से मिलने उनके आवास पहुंचे। मुलाकात के दौरान राहुल गांधी भावुक नजर आए। उन्होंने प्रदीप की बहन बबीता के सिर पर हाथ रखते हुए कहा, “ये मेरी भी बहन है। प्रदीप के परिवार को न्याय जरूर मिलेगा। भले ही केंद्र या राज्य में हमारी सरकार नहीं है, फिर भी हम इंसाफ दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।”
NSUI अध्यक्ष ने दी सफाई
पूरा मामला सामने आने के बाद एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि मुलाकात के समय पीड़ित परिवार के साथ जो लोग आए थे, परिवार ने उन्हें अपना रिश्तेदार और परिचित बताया था। उन्हें राजेश जोया के आपराधिक रिकॉर्ड की कोई जानकारी नहीं थी।
जाखड़ ने कहा कि उनका मकसद केवल एक पीड़ित और गरीब परिवार की मदद करना और उन्हें न्याय दिलाना है। संगठन की प्राथमिकता सिर्फ इंसाफ के साथ खड़े रहना है।
NEET विवाद के बीच किया था सुसाइड
गौरतलब है कि झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र के रहने वाले प्रदीप मेघवाल ने 15 मई को सीकर में आत्महत्या कर ली थी। यह उसका तीसरा नीट अटैम्प था और आंसर-की के अनुसार उसके 650 से अधिक नंबर आने की संभावना जताई जा रही थी।
परिजनों का आरोप है कि परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों और भविष्य को लेकर तनाव के कारण प्रदीप मानसिक रूप से परेशान था। बेटे को न्याय और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर परिवार ने सीकर के एसके अस्पताल के बाहर 26 घंटे से ज्यादा समय तक धरना भी दिया था।
अब राहुल गांधी से मुलाकात और उसमें हिस्ट्रीशीटर की मौजूदगी ने इस पूरे मामले को नया राजनीतिक रंग दे दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन