pm modi 28 february rajasthan visit ajmer development employment double gift 28 फरवरी को राजस्थान आएंगे PM मोदी,अजमेर से देंगे विकास और रोजगार का डबल तोहफा, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

28 फरवरी को राजस्थान आएंगे PM मोदी,अजमेर से देंगे विकास और रोजगार का डबल तोहफा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को राजस्थान के अजमेर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य को 23,500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम में विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा। 

Mon, 16 Feb 2026 10:16 AMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
28 फरवरी को राजस्थान आएंगे PM मोदी,अजमेर से देंगे विकास और रोजगार का डबल तोहफा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को राजस्थान के अजमेर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य को 23,500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम में विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही ‘रोजगार उत्सव’ के तहत 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। प्रधानमंत्री की यह सभा अजमेर की कायड़ विश्राम स्थली में प्रस्तावित है, जहां बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री के दौरे की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि यह कार्यक्रम “विकसित राजस्थान” के संकल्प को नई ऊर्जा देगा और राज्य में विकास की गति को और तेज करेगा। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए व्यापक जनभागीदारी की अपील भी की है।

2 से 3 लाख लोगों के जुटने का अनुमान

जयपुर से मिले मौखिक निर्देशों के बाद जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासन के अनुसार सभा में 2 से 3 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभा स्थल पर दो बड़े डोम तैयार किए जाएंगे, जिनमें मुख्य मंच और विशिष्ट अतिथियों की व्यवस्था की जाएगी। सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) को जल्द ही टेंडर जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने पार्किंग, पेयजल, सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और बिजली के तारों की शिफ्टिंग जैसे तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही मौजूदा हेलीपैड की मरम्मत और सुरक्षा मानकों के अनुरूप उसे तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री अजमेर के साथ धार्मिक नगरी पुष्कर का भी दौरा कर सकते हैं, हालांकि इसका अंतिम कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है।

जिला कलेक्टर लोक बंधु ने बताया कि 28 फरवरी को प्रस्तावित सभा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राजस्थान में RGHS घोटाले पर बड़ी कार्रवाई, 7 डॉक्टर निलंबित
ये भी पढ़ें:राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस MLA रोहित बोहरा के अभद्र इशारे
ये भी पढ़ें:राजस्थान के भीलवाड़ा में शराब समझकर बर्तन धोने का लिक्विड पीने से 4 की मौत
ये भी पढ़ें:अजमेर का क्रिश्चियनगंज हुआ कृष्णगंज,गृह विभाग की मंजूरी से बदला नाम

रोजगार उत्सव में 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण ‘रोजगार उत्सव’ रहेगा। इसके तहत 21 हजार युवाओं को विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। सरकार का दावा है कि इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और राज्य में प्रशासनिक ढांचे को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के शामिल होने की संभावना है।

युवा कांग्रेस ने किया विरोध का ऐलान

प्रधानमंत्री के दौरे की घोषणा के साथ ही राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। अजमेर युवा कांग्रेस ने बैठक कर केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में काले झंडे दिखाने का ऐलान किया है। जिलाध्यक्ष मोहित मल्होत्रा ने कहा कि केंद्र सरकार ने युवाओं को रोजगार और अन्य मुद्दों पर भ्रमित किया है तथा वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने की बात कही है।

प्रशासन ने संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के संकेत दिए हैं। पुलिस और खुफिया एजेंसियां कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं।

अजमेर में पहले भी हो चुकी हैं बड़ी सभाएं

अजमेर की कायड़ विश्राम स्थली प्रधानमंत्री की पूर्व सभाओं का भी गवाह रही है। 6 अक्टूबर 2018 को यहां जनसभा आयोजित की गई थी। 31 मई 2023 को केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर महा जनसंपर्क अभियान की शुरुआत भी यहीं से की गई थी। इसके अलावा 6 अप्रैल 2024 को लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान पुष्कर क्षेत्र में भी प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया था।

28 फरवरी का यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टियों से अहम माना जा रहा है। एक ओर जहां सरकार इसे विकास और रोजगार से जोड़कर देख रही है, वहीं विपक्ष इसे मुद्दों के आधार पर घेरने की तैयारी में है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि प्रधानमंत्री की इस यात्रा से राजस्थान की सियासत और विकास एजेंडे को कितना नया आयाम मिलता है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।