pakistan par narmi dikhane wale na sikhaye deshbhakti rajasthan bjp chief madan rathore ne gehlot par kasa tanj पाकिस्तान पर नरमी दिखाने वाले न सिखाएं देशभक्ति,राजस्थान BJP चीफ मदन राठौड़ ने गहलोत पर कसा तंज, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

पाकिस्तान पर नरमी दिखाने वाले न सिखाएं देशभक्ति,राजस्थान BJP चीफ मदन राठौड़ ने गहलोत पर कसा तंज

एक तरफ मिडल ईस्ट में युद्ध जैसे हालातों ने वैश्विक स्तर पर अस्थिरता का माहौल पैदा कर रखा है, वहीं भारत में भी इन परिस्थितियों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

Sat, 28 March 2026 08:40 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान, जयपुर
share
पाकिस्तान पर नरमी दिखाने वाले न सिखाएं देशभक्ति,राजस्थान BJP चीफ मदन राठौड़ ने गहलोत पर कसा तंज

एक तरफ मिडल ईस्ट में युद्ध जैसे हालातों ने वैश्विक स्तर पर अस्थिरता का माहौल पैदा कर रखा है, वहीं भारत में भी इन परिस्थितियों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्र और राज्य सरकारें हालात सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार रणनीति पर काम कर रही हैं, लेकिन दूसरी ओर विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है।

पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों सहित वैश्विक परिस्थितियों को लेकर कांग्रेस जहां केंद्र सरकार पर हमलावर है, वहीं भाजपा इन मुद्दों पर विपक्ष को “संकट के समय राजनीति न करने” की सलाह दे रही है। इसी बीच शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर तीखा पलटवार करते हुए कई बड़े बयान दिए।

“देशभक्ति पर सवाल उठाने वालों की मानसिकता उजागर”

मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तक को निशाने पर लेते हुए कहा कि विपक्ष के कई नेताओं के बयानों में राष्ट्रहित की भावना नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि देश इस समय वैश्विक चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में विपक्ष को जिम्मेदारी दिखानी चाहिए, लेकिन इसके उलट वे लगातार देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहे हैं।

राठौड़ ने कहा कि भाजपा पर राष्ट्रभक्ति थोपने के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा, “जो लोग पाकिस्तान जैसे दुश्मन देश के खिलाफ सख्त भाषा पर भी आपत्ति जताते हैं, वे देशभक्ति का पाठ न पढ़ाएं।” उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसे बयानों से किसे तकलीफ होती है और क्यों होती है।

“अभाव की राजनीति कर रही कांग्रेस”

राठौड़ ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह देश में ‘अभाव’ और ‘संकट’ का माहौल बनाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बदनाम करने का प्रयास कर रहा है, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष में सच्ची राष्ट्रभक्ति होती तो वह सरकार की आलोचना के साथ-साथ सकारात्मक सुझाव भी देता। राठौड़ ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक साख लगातार बढ़ी है और दुनिया में देश की स्थिति पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुई है।

मोदी नेतृत्व पर जताया भरोसा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर सवाल उठाने वालों को जवाब देते हुए राठौड़ ने कहा कि देश को आज तक इतना मजबूत और निर्णायक नेतृत्व नहीं मिला। उन्होंने कहा कि मोदी की वैश्विक स्तर पर मजबूत पकड़ के कारण भारत को अंतरराष्ट्रीय सहयोग मिल रहा है और नई संभावनाएं खुल रही हैं।

राठौड़ ने कहा कि संकट के समय में नेतृत्व की असली परीक्षा होती है और वर्तमान सरकार इस परीक्षा में खरा उतर रही है। उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि वह ऐसे समय में राजनीति से ऊपर उठकर देशहित में काम करे।

गहलोत पर ‘पुत्रमोह’ का हमला

अशोक गहलोत द्वारा नेताओं को अपने बेटों को राजनीति से दूर रखने की नसीहत पर पलटवार करते हुए राठौड़ ने उन पर ‘पुत्रमोह’ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गहलोत खुद अपने बेटे वैभव गहलोत को राजनीति में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करते रहे हैं।

राठौड़ ने कहा कि वैभव गहलोत को राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) का अध्यक्ष बनाया गया और उन्हें कई चुनावों में भी उतारा गया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “खुद तो गुड़ खाएं और दूसरों को गुड़ छोड़ने की सलाह दें, यह उचित नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस आज भी परिवारवाद से बाहर नहीं निकल पा रही है और यही उसकी सबसे बड़ी कमजोरी बन गई है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।