नौतपा में तपता राजस्थान, 5 जिलों में हीटवेव चेतावनी; 28 मई से बदलेगा मौसम
राजस्थान में नौतपा के बीच भीषण गर्मी और हीटवेव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार को राज्य के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 47 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
राजस्थान में नौतपा के बीच भीषण गर्मी और हीटवेव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार को राज्य के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 47 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी और कोटा समेत कई इलाके सीवियर हीटवेव की चपेट में रहे। मौसम विभाग ने बुधवार (27 मई) के लिए 5 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 28 से 30 मई के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर-पश्चिमी जिलों में सबसे ज्यादा असर, कई शहर 45 पार
राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान तेज गर्मी और लू का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। श्रीगंगानगर के बाद बीकानेर और फलोदी में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जैसलमेर में 45.6, कोटा में 45.4, बाड़मेर में 44.4, चित्तौड़गढ़ और अलवर में 44.2, पिलानी में 44.9 और चूरू में 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल रखा।
रात में भी राहत नहीं, कई शहरों का न्यूनतम तापमान 30 पार
दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही। जयपुर, कोटा, जोधपुर, नागौर, फलोदी, चित्तौड़गढ़, बीकानेर, हनुमानगढ़, करौली और दौसा ऐसे शहर रहे जहां रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। सबसे गर्म रात कोटा में रही, जहां न्यूनतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
जयपुर में उमस बढ़ी, दो दिन और गर्मी का अनुमान
राजधानी जयपुर में मंगलवार को भी गर्मी और उमस का असर बना रहा। शहर का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक जयपुर में गर्मी का यही असर बना रह सकता है। बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
अजमेर में पश्चिमी विक्षोभ से मौसम बदलने की उम्मीद
अजमेर में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री और न्यूनतम 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर गर्म हवाएं और धूलभरी हवा का असर बना रहा। हालांकि मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 28 मई से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के मौसम में बदलाव ला सकता है। 29 मई से अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
कोटा में दोपहर को सड़कों पर छाया सन्नाटा
कोटा में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ असर दिखाया। शहर का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री और न्यूनतम 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दिया और लोग केवल जरूरी काम होने पर ही बाहर निकले।
सीकर में शाम को बदला मौसम, बारिश और ओले गिरे
सीकर में दिनभर तेज गर्मी के बाद शाम को मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर बाद घने बादल छाए और तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। नवलगढ़ रोड क्षेत्र में ओले गिरने और जलभराव की स्थिति भी बनी। बारिश के बाद लोगों को कुछ राहत मिली, हालांकि दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
जोधपुर और उदयपुर में भी उमस और गर्मी का असर
जोधपुर में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले दो दिनों से बढ़ी उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वहीं उदयपुर में अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
अलवर में सुबह से लू, अगले दिनों में भी राहत नहीं
अलवर में दिनभर लू और तेज गर्मी का असर रहा तथा सुबह से ही गर्म हवाएं चलती रहीं। लोगों ने दोपहर के समय घरों में रहना ही बेहतर समझा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी तेज गर्मी बने रहने का अनुमान जताया है।
बारिश से मिलेगी राहत, 28 मई से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक गर्मी और हीटवेव का असर बना रहेगा, लेकिन 28 मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद कई जिलों में आंधी, बारिश और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन