चोर हो तुम, लुटेरों देश को खा गए; मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने सवाईमाधोपुर में लगाई XEN और AEN को फटकार
राज्य के कृषि एवं पशुपालन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा सोमवार को सवाई माधोपुर के ठींगला स्थित निर्माणाधीन राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान जमकर भड़क गए। मेडिकल कॉलेज में कथित घटिया निर्माण कार्य को देखकर मंत्री का गुस्सा फूट पड़ा।

राज्य के कृषि एवं पशुपालन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा सोमवार को सवाई माधोपुर के ठींगला स्थित निर्माणाधीन राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान जमकर भड़क गए। मेडिकल कॉलेज में कथित घटिया निर्माण कार्य को देखकर मंत्री का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर मौजूद आरएसआरडीसी (राजस्थान राज्य सड़क विकास और निर्माण निगम लिमिटेड) के अधिकारियों को उन्होंने जमकर फटकार लगाई और तीखे शब्दों में कहा— “तुम्हें शर्म नहीं आती, प्लास्टर के नाम पर मिट्टी डाल रहे हो। चोर हो तुम, लुटेरे… देश को खा गए।”
मंत्री का यह तेवर निरीक्षण के दौरान सामने आई निर्माण खामियों के बाद देखने को मिला। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब सरकार जनता के टैक्स का पैसा दे रही है, तो मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण संस्थाओं का निर्माण टिकाऊ, मजबूत और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। मंत्री ने उच्च अधिकारियों को निर्माण कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए।
प्लास्टर देख भड़के मंत्री, अफसर नहीं दे पाए जवाब
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब चार बजे मंत्री किरोड़ी लाल मीणा मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे थे। कॉलेज भवन के भीतर और बाहर प्लास्टर, दीवारों और निर्माण सामग्री को देखकर मंत्री असंतुष्ट नजर आए। उन्होंने प्लास्टर की गुणवत्ता को लेकर आरएसआरडीसी के अधिकारियों से सवाल पूछे, लेकिन मौके पर मौजूद अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इससे मंत्री और ज्यादा नाराज हो गए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने XEN राकेश कुमार दीक्षित, AEN सुमित मिश्रा और प्रोजेक्ट मैनेजर नवनीत को मौके पर ही खरी-खरी सुनाई। मंत्री का कहना था कि इतनी बड़ी परियोजना में इस स्तर का निर्माण न केवल लापरवाही है, बल्कि जनता के पैसे के साथ सीधा खिलवाड़ भी है।
XEN का आरोप: मंत्री समर्थकों ने की मारपीट
मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया, जब आरएसआरडीसी के XEN राकेश कुमार दीक्षित ने मंत्री के समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए। दीक्षित का कहना है कि निरीक्षण के दौरान मंत्री के समर्थकों ने पहले प्रोजेक्ट मैनेजर नवनीत और AEN सुमित मिश्रा के साथ मारपीट की। इसके बाद उनके साथ भी हाथापाई की गई।
XEN दीक्षित ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें आशंका है कि घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यदि फुटेज में गड़बड़ी पाई गई, तो मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। दीक्षित ने पूरे मामले की शिकायत जयपुर में बैठे आरएसआरडीसी के उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
प्रिंसिपल पर भी लगाए आरोप
XEN राकेश कुमार दीक्षित ने मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बुद्धिप्रकाश पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रिंसिपल ने द्वेषवश इतनी बड़ी बिल्डिंग में केवल उन्हीं स्थानों को मंत्री को दिखाया, जहां थोड़ी बहुत खामियां थीं। दीक्षित के मुताबिक, इस कारण पूरे प्रोजेक्ट की छवि खराब करने की कोशिश की गई।
प्रिंसिपल का पलटवार
वहीं, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बीपी मीना ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं। प्रिंसिपल का कहना है कि निरीक्षण के दौरान जब मंत्री ने निर्माण में खामियां पकड़ीं, तो इससे कुछ लोग नाराज हो गए थे। उसी नाराजगी के चलते यह पूरा घटनाक्रम सामने आया।
सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल
मंत्री के तीखे बयान और अधिकारियों द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों के बाद मामला प्रशासनिक गलियारों से लेकर सियासी हलकों तक चर्चा का विषय बन गया है। एक तरफ घटिया निर्माण को लेकर सरकार की सख्ती का संदेश जा रहा है, तो दूसरी ओर अफसरों के साथ कथित मारपीट और आरोप-प्रत्यारोप ने पूरे प्रकरण को विवादों में ला खड़ा किया है।
अब सभी की नजरें जयपुर में बैठे उच्चाधिकारियों की कार्रवाई और संभावित जांच पर टिकी हैं, जिससे यह साफ हो सके कि मेडिकल कॉलेज निर्माण में वास्तव में कितनी और कैसी खामियां हैं, और मारपीट के आरोपों में सच्चाई क्या है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन