jaipur thar bike accident two friends death जयपुर में थार का कहर, बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला, एक की मौत, दूसरा गंभीर, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

जयपुर में थार का कहर, बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला, एक की मौत, दूसरा गंभीर

राजधानी जयपुर में शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार थार ने कहर बरपा दिया। जयंती मार्केट स्थित चौराहे के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पैदल जा रही एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। 

Sat, 24 Jan 2026 03:42 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
जयपुर में थार का कहर, बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला, एक की मौत, दूसरा गंभीर

राजधानी जयपुर में शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार थार ने कहर बरपा दिया। जयंती मार्केट स्थित चौराहे के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पैदल जा रही एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद थार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने थार को जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

एक्सीडेंट थाना (नॉर्थ) के हेड कॉन्स्टेबल राजेन्द्र ने बताया कि यह हादसा शनिवार दोपहर करीब 12:45 बजे जयंती मार्केट चौराहे के पास हुआ। बाइक पर सवार फैजान (27) और कुलसुम (19) जयंती मार्केट से चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और ओवर स्पीड में आ रही थार ने पहले उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक फैजान थार के नीचे फंस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक को टक्कर मारने के बाद भी थार नहीं रुकी और आगे बढ़ते हुए पैदल जा रही युवती कुलसुम को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की और थार के नीचे फंसे युवक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।

बताया जा रहा है कि फैजान काफी देर तक गाड़ी के नीचे फंसा रहा। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। इसी बीच हादसे की सूचना मिलने पर जालूपुरा थाना पुलिस और एक्सीडेंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत एसएमएस अस्पताल भिजवाया।

एसएमएस अस्पताल में डॉक्टर्स ने जांच के बाद फैजान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल युवती कुलसुम की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

हादसे के बाद थार चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने थार को जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वाहन की रफ्तार काफी तेज थी और हादसे की मुख्य वजह ओवर स्पीड मानी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ड्राइवर की पहचान की जा सके।

एक्सीडेंट थाना पुलिस का कहना है कि थार किसके नाम पर रजिस्टर्ड है, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। वाहन के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद जयंती मार्केट और आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। लोगों में गुस्सा देखा गया और उन्होंने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में आए दिन तेज रफ्तार वाहन हादसों का कारण बनते हैं, लेकिन इसके बावजूद स्पीड कंट्रोल को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास हादसे से जुड़ी कोई जानकारी या सीसीटीवी फुटेज हो, तो वह पुलिस को उपलब्ध कराएं। साथ ही, पुलिस ने कहा कि आरोपी चालक को जल्द पकड़कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक युवक की जान चली गई और एक युवती जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि हादसे के वक्त थार चालक नशे में था या किसी अन्य लापरवाही के चलते यह भीषण दुर्घटना हुई।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।