फेसबुक से साइबर झांसे में फंसी अजमेर की महिला, 5 रुपये के नोट ने कर दिया कंगाल
कहानी सुनने में फिल्मी लगती है, लेकिन राजस्थान के अजमेर में यह ‘स्क्रिप्ट’ साइबर ठगों ने इतनी सफाई से लिखी कि एक महिला की जिंदगी की कमाई ही दांव पर लग गई। शास्त्री नगर की इस घटना ने दिखा दिया कि आज का साइबर अपराध सिर्फ तकनीक का खेल नहीं

कहानी सुनने में फिल्मी लगती है, लेकिन राजस्थान के अजमेर में यह ‘स्क्रिप्ट’ साइबर ठगों ने इतनी सफाई से लिखी कि एक महिला की जिंदगी की कमाई ही दांव पर लग गई। शास्त्री नगर की इस घटना ने दिखा दिया कि आज का साइबर अपराध सिर्फ तकनीक का खेल नहीं, बल्कि दिमाग और लालच का खतरनाक कॉम्बिनेशन बन चुका है।
सब कुछ शुरू हुआ एक फेसबुक पोस्ट से—एक ऐसा डिजिटल जाल, जिसमें ‘दुर्लभ नोट’ के बदले 48 लाख रुपये देने का दावा किया गया था। पोस्ट इतनी सजी-धजी और भरोसेमंद थी कि किसी भी आम आदमी को लगे—“शायद इस बार किस्मत सच में खुलने वाली है।”
महिला ने नंबर मिलाया
फोन उठाने वाले ने खुद को एक बड़ी एंटीक करेंसी कंपनी का प्रतिनिधि बताया। आवाज में भरोसा, बातों में प्रोफेशनल टच और व्हाट्सऐप पर फर्जी आईडी कार्ड व डॉक्यूमेंट्स—सब कुछ इतना परफेक्ट कि शक की गुंजाइश ही खत्म हो गई।
फिर आया असली ‘ट्विस्ट’
“मैडम, आपका नोट बहुत रेयर है… 48 लाख तो पक्के हैं, बस प्रोसेस शुरू करनी होगी।”
यहीं से शुरू हुआ ‘किश्तों में लूट’ का खेल।
पहले रजिस्ट्रेशन फीस…
फिर जीएसटी…
फिर फाइल चार्ज…
फिर ट्रांजैक्शन फीस…
हर बार एक ही डायलॉग
“मैडम, बस ये आखिरी पेमेंट… उसके बाद पैसा सीधे खाते में।”
उम्मीद और लालच के इस रोलरकोस्टर में महिला बार-बार पैसे ट्रांसफर करती रही।
और देखते ही देखते 5 रुपये के नोट के पीछे 3 लाख 66 हजार रुपये ‘उड़’ गए।
जब आखिरी कॉल के बाद भी न पैसा आया, न नंबर लगा—तब जाकर कहानी का क्लाइमेक्स सामने आया—यह कोई डील नहीं, बल्कि डिजिटल ठगी का पूरा सेटअप था।
अब मामला अजमेर के साइबर थाने में पहुंच चुका है। पुलिस बैंक खातों की डिटेल खंगाल रही है और यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह गिरोह राजस्थान के अलावा दूसरे राज्यों से तो ऑपरेट नहीं हो रहा।
यह कोई अकेली घटना नहीं है। राजस्थान में इन दिनों ‘एंटीक नोट’ और ‘रेयर करेंसी’ के नाम पर ठगी करने वाले गैंग तेजी से एक्टिव हो रहे हैं। इनका तरीका बेहद सोचा-समझा होता है
पहले सोशल मीडिया पर टारगेट चुनो
फिर भरोसा जीतने के लिए फर्जी पहचान दिखाओ
और आखिर में ‘छोटे-छोटे चार्ज’ के नाम पर बड़ी रकम निकाल लो
सबसे खतरनाक बात यह है कि ये ठग इंसान की सबसे बड़ी कमजोरी—जल्दी अमीर बनने की चाह—को हथियार बना रहे हैं।
साइबर एक्सपर्ट्स साफ कहते हैं कोई भी पुराना नोट आपको लाखों नहीं दिला सकता, जब तक वह किसी अधिकृत नीलामी प्रक्रिया से न गुजरे।”
सबक क्या है?
अगर कोई 5 रुपये का नोट आपको 48 लाख दिलाने का वादा कर रहा है,
तो समझ लीजिए- वह आपकी जेब खाली करने की पूरी तैयारी कर चुका है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन