delhi narela rajasthan businessman stabbed death outside factory 20 times दिल्ली के नरेला में राजस्थान के कारोबारी की चाकू गोदकर हत्या, फैक्ट्री के बाहर किए 20 वार, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली के नरेला में राजस्थान के कारोबारी की चाकू गोदकर हत्या, फैक्ट्री के बाहर किए 20 वार

राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में भरतपुर के एक युवा फुटवियर कारोबारी की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने कारोबारी को फैक्ट्री के बाहर दौड़ा-दौड़ाकर चाकू मारे। हमलावरों ने करीब 20 वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। 

Mon, 23 Feb 2026 01:55 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
दिल्ली के नरेला में राजस्थान के कारोबारी की चाकू गोदकर हत्या, फैक्ट्री के बाहर किए 20 वार

राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में भरतपुर के एक युवा फुटवियर कारोबारी की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने कारोबारी को फैक्ट्री के बाहर दौड़ा-दौड़ाकर चाकू मारे। हमलावरों ने करीब 20 वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात का वीडियो दो दिन बाद सामने आया, जिसमें 15 से 20 हमलावर युवक पर ताबड़तोड़ हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

घटना 20 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे की है। मृतक की पहचान भरतपुर जिले के धौर का नगला, थाना उच्चैन निवासी रवि चौधरी (27) के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

फैक्ट्री का संचालन करता था छोटा भाई

रवि अपने बड़े भाई रणवीर चौधरी के साथ दिल्ली के नरेला क्षेत्र में फुटवियर फैक्ट्री चलाता था। परिवार वर्ष 2010 से दिल्ली में रह रहा है। चार साल पहले दोनों भाइयों ने मिलकर यह फैक्ट्री शुरू की थी। फैक्ट्री के संचालन की जिम्मेदारी सोनू नामक कर्मचारी के पास थी। रोजाना रवि फैक्ट्री बंद कर चाबी सोनू को सौंप देता था, ताकि सुबह समय पर काम शुरू हो सके।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राजस्थान के करौली में पिता-पुत्र और दामाद की मौत
ये भी पढ़ें:मैं पूरे दस्तावेज लेकर आया था,कांग्रेस मैदान छोड़कर भागी- CM भजनलाल शर्मा
ये भी पढ़ें:परिवार को याद कर मंच पर रो पड़ीं राजे वसुंधरा राजे; माता-पिता और भाई की आई याद

19 फरवरी को हुआ था विवाद

परिजनों के अनुसार, 19 फरवरी को फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी राहिल से रवि की कहासुनी हो गई थी। राहिल ठेकेदार सलमान के अधीन काम करता था। विवाद बढ़ने पर रवि ने राहिल को काम पर आने से मना कर दिया। आरोप है कि इस दौरान राहिल ने धमकी दी थी कि उसका ठेकेदार सलमान “कुछ भी कर सकता है”।

कर्मचारियों का हिसाब कर दिया

रणवीर ने बताया कि 20 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे सलमान का फोन आया और कहा गया कि आज कोई कर्मचारी काम पर नहीं आएगा तथा सबका हिसाब कर दिया जाए। इसके बाद रवि ने राहिल के खाते में 12,500 रुपए ट्रांसफर कर दिए। उसी दिन सुबह करीब 11 बजे वह फैक्ट्री पहुंच गया था।

रात को फैक्ट्री बंद करते ही हमला

वारदात के समय रवि अपने साले विश्वेंद्र और कर्मचारी सोनू के साथ फैक्ट्री बंद कर बाहर निकला था। ताला लगाने के बाद रवि ने चाबी सोनू को दे दी और हेलमेट पहनकर बाइक पर बैठ गया। पीछे उसका साला बैठा था। तभी अचानक दौड़ते हुए आए बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब 10 हमलावर रवि के पीछे दौड़े। जान बचाने के लिए वह भागा, लेकिन कुछ ही दूरी पर बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और चाकू से ताबड़तोड़ करीब 20 वार कर दिए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में घोषित किया मृत

हमलावरों के जाने के बाद विश्वेंद्र मौके पर पहुंचा और गंभीर रूप से घायल रवि को तत्काल SRHC अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामला नरेला थाने में दर्ज किया गया है।

वीडियो आया सामने

22 फरवरी को वारदात का वीडियो सामने आया, जिसमें बड़ी संख्या में हमलावर रवि पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

परिवार में मचा कोहराम

रवि अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बेटों को छोड़ गया है। बड़ा बेटा गगन (2 वर्ष) और छोटा बेटा करण मात्र 6 माह का है। 21 फरवरी को पैतृक गांव धौर का नगला में उसका अंतिम संस्कार किया गया। गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक के भाई रणवीर ने आरोप लगाया है कि फैक्ट्री में हुए विवाद के बाद कर्मचारी और उसके साथियों ने मिलकर इस हत्या की साजिश रची। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।