दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर खौफनाक हादसा; खाई में गिरी कार, 3 युवकों की मौत
राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की जान चली गई। हादसा कैथून थाना क्षेत्र में बालापुरा और कराड़िया गांव के बीच सुबह करीब साढ़े दस बजे हुआ

राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की जान चली गई। हादसा कैथून थाना क्षेत्र में बालापुरा और कराड़िया गांव के बीच सुबह करीब साढ़े दस बजे हुआ, जब तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है।
डिवाइडर से टकराकर नीचे गिरी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फॉर्च्यूनर कार तेज गति से एक्सप्रेस-वे पर दौड़ रही थी। अचानक कार डिवाइडर से टकराई और उछलकर नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।
पुणे के रहने वाले थे तीनों दोस्त
कैथून थाना प्रभारी मनोज सिकरवार ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान सिद्धांत (21), कुणाल (25) और मयूरेवा (23) के रूप में हुई है। तीनों महाराष्ट्र के पुणे शहर के निवासी थे। ये दोस्त फॉर्च्यूनर कार से अपने शहर लौट रहे थे।
लेह-लद्दाख ट्रिप से लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी को यह ग्रुप टूर पर निकला था। कुल 10 दोस्तों का समूह लेह-लद्दाख और जम्मू-कश्मीर घूमने गया था। यात्रा पूरी करने के बाद सभी अलग-अलग कारों में वापस लौट रहे थे। हादसे के वक्त मृतक युवक आगे चल रही फॉर्च्यूनर में सवार थे, जबकि उनके बाकी साथी पीछे-पीछे दूसरी गाड़ियों में आ रहे थे।
हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर कैथून सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश सामर ने बताया कि तीनों युवकों की हालत मौके पर ही बेहद गंभीर थी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। उनके कोटा पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव सौंपे जाएंगे।
झपकी बनी हादसे की वजह!
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि लंबी दूरी तय करने के कारण ड्राइवर को झपकी आ गई होगी, जिससे वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
एक्सप्रेस-वे पर बढ़ते हादसों ने बढ़ाई चिंता
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर इस तरह के हादसे लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि लंबी दूरी के सफर में ड्राइवर को पर्याप्त आराम करना बेहद जरूरी है, वरना छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन