delhi mumbai expressway accident alwar jaipur family car truck collision injured businessman family rajasthan road accid दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी कार,तड़पते रहे पिता, बेटे ने सुनाई पूरी कहानी, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी कार,तड़पते रहे पिता, बेटे ने सुनाई पूरी कहानी

राजस्थान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें जयपुर के एक बिजनेसमैन परिवार के छह लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच हुआ

Tue, 21 April 2026 06:42 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी कार,तड़पते रहे पिता, बेटे ने सुनाई पूरी कहानी

राजस्थान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें जयपुर के एक बिजनेसमैन परिवार के छह लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच हुआ, जब हरिद्वार से लौट रही कार अचानक एक पिकअप को बचाने के प्रयास में आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हरिद्वार से लौटते समय हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, जयपुर के दादी का फाटक निवासी बिजनेसमैन पुनीत अग्रवाल (42) अपने परिवार के साथ हरिद्वार घूमने गए थे। उनके साथ उनकी मां अल्का अग्रवाल (66), पत्नी बबीता अग्रवाल (38) और दो बेटे—सौम्य (9) व लक्ष्य (11) भी थे। मंगलवार सुबह परिवार कार से जयपुर लौट रहा था, तभी अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में यह हादसा हो गया।

पिकअप को बचाने के प्रयास में बिगड़ा संतुलन

थाना प्रभारी मोहन गुर्जर ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर अचानक एक पिकअप वाहन कार के सामने आ गया। कार चला रहे अमित चौधरी ने पिकअप को बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। आशंका जताई जा रही है कि पिकअप चालक को नींद की झपकी आ गई होगी, जिससे उसने अचानक वाहन की दिशा बदली।

तेज टक्कर से कार हुई चकनाचूर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, दुर्घटना के तुरंत बाद पिकअप और ट्रक चालक मौके से फरार हो गए, जिससे आक्रोश भी देखने को मिला।

11 साल के बेटे ने बयां किया मंजर

हादसे के बाद घायल परिवार के 11 वर्षीय लक्ष्य ने जो बताया, वह बेहद मार्मिक है। उसने कहा कि उसके पिता पुनीत अग्रवाल को सबसे ज्यादा चोटें आईं और वे काफी देर तक सड़क पर तड़पते रहे। उसने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक मौके से भाग गए और किसी ने तत्काल मदद नहीं की।

राहगीरों और पुलिस ने पहुंचाई मदद

घटना के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अलवर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। फरार पिकअप और ट्रक चालकों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।