bijli gul internet thap aur har gatividhi par nazar jaipur mein aisa kyon hai mahaul बिजली गुल, इंटरनेट ठप और हर गतिविधि पर नजर... जयपुर में ऐसा क्यों है माहौल?, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

बिजली गुल, इंटरनेट ठप और हर गतिविधि पर नजर... जयपुर में ऐसा क्यों है माहौल?

आम दिनों की चहल-पहल की जगह यहां सुरक्षा बलों की मौजूदगी, बंद इंटरनेट सेवाएं, बिजली कटौती और आसमान में उड़ते ड्रोन कैमरे चर्चा का विषय बने रहे। नंदपुरी अंडरपास के पास जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान

Mon, 8 June 2026 12:31 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
बिजली गुल, इंटरनेट ठप और हर गतिविधि पर नजर... जयपुर में ऐसा क्यों है माहौल?

राजधानी जयपुर का जगतपुरा इलाका सोमवार को पूरी तरह हाई अलर्ट मोड में नजर आया। आम दिनों की चहल-पहल की जगह यहां सुरक्षा बलों की मौजूदगी, बंद इंटरनेट सेवाएं, बिजली कटौती और आसमान में उड़ते ड्रोन कैमरे चर्चा का विषय बने रहे। नंदपुरी अंडरपास के पास जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान ने पूरे क्षेत्र को संवेदनशील जोन में बदल दिया है।

सड़क चौड़ीकरण के लिए बड़ी कार्रवाई

जेडीए की ओर से नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क को 80 फीट चौड़ा करने की योजना के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। सड़क सीमा में आ रहे निर्माणों को हटाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। इस कार्रवाई को लेकर पहले से ही संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर तक बढ़ाया गया।

3 हजार पुलिसकर्मियों का सुरक्षा घेरा

कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस, प्रशासन और जेडीए के अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। इलाके में कई जगह बैरिकेडिंग की गई है और आवाजाही को नियंत्रित किया गया है।

इंटरनेट सेवाओं पर लगाया गया अस्थायी ब्रेक

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने कई इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। संभागीय आयुक्त के आदेश के अनुसार रविवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक 2G, 3G, 4G और 5G इंटरनेट सेवाएं निलंबित की गई हैं। प्रशासन का मानना है कि सोशल मीडिया के जरिए अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए यह कदम जरूरी है।

बिजली कटौती ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

इंटरनेट बंदी के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में बिजली सप्लाई भी रोक दी गई। इसका असर स्थानीय निवासियों की दिनचर्या पर साफ दिखाई दिया। कई लोगों ने सुबह से बिजली नहीं होने की शिकायत की। बिजली बंद होने से घरों में लगे वाई-फाई नेटवर्क भी ठप हो गए, जिससे संचार व्यवस्था और अधिक प्रभावित हुई।

कॉल ड्रॉप और नेटवर्क संकट

मोबाइल इंटरनेट बंद होने के साथ ही क्षेत्र में नेटवर्क संबंधी दिक्कतें भी सामने आईं। कई लोगों ने कॉल ड्रॉप और नो नेटवर्क जैसी समस्याओं की शिकायत की। स्थानीय लोगों का कहना है कि जरूरी संपर्क बनाए रखने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था सुरक्षा कारणों से अस्थायी तौर पर लागू की गई है।

छतों पर नजर, ड्रोन से मॉनिटरिंग

कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने तकनीक का भी सहारा लिया है। पूरे इलाके में ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। पुलिस लगातार लोगों से छतों पर एकत्रित नहीं होने और फोटो-वीडियो नहीं बनाने की अपील कर रही है। कई स्थानों पर पुलिसकर्मी छतों और ऊंची इमारतों पर भी तैनात किए गए हैं ताकि स्थिति पर हर पल नजर रखी जा सके।

पूरे शहर की नजर जगतपुरा पर

जगतपुरा में चल रही यह कार्रवाई केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि सुरक्षा प्रबंधन और प्रशासनिक सतर्कता का बड़ा उदाहरण बन गई है। इंटरनेट बंदी, बिजली कटौती, भारी पुलिस बल और ड्रोन निगरानी जैसे कदमों ने पूरे इलाके को असाधारण सुरक्षा घेरे में ला दिया है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता कार्रवाई को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरा करना है, जबकि स्थानीय लोग जल्द सामान्य स्थिति बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।