'लॉरेंस ऑफ पंजाब' पर क्यों छिड़ी जंग, हाईकोर्ट पहुंच गए गए राजा वड़िंग; बैन की मांग
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की है। इस याचिका में मांग की गई है कि 27 अप्रैल को प्रस्तावित इस सीरीज की रिलीज पर तुरंत रोक लगाई जाए।

Lawrence Bishnoi: ZEE5 पर रिलीज होने वाली नई वेब सीरीज 'लॉरेंस ऑफ पंजाब' अपनी रिलीज से पहले ही विवादों के घेरे में आ गई है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इस सीरीज के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए इसे प्रतिबंधित करने के लिए पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। यह सीरीज खूंखार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के जीवन पर आधारित बताई जा रही है, जिसे लेकर राज्य की राजनीति में उबाल आ गया है।
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की है। इस याचिका में मांग की गई है कि 27 अप्रैल को प्रस्तावित इस सीरीज की रिलीज पर तुरंत रोक लगाई जाए।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि यह सीरीज लॉरेंस बिश्नोई जैसे अपराधी के जीवन को बढ़ा-चढ़ाकर और गलत तरीके से पेश करती है, जो सीधे तौर पर अपराधियों के महिमामंडन जैसा है। वड़िंग का तर्क है कि इस तरह का चित्रण पंजाब के युवाओं को गलत रास्ते पर ले जा सकता है और उन्हें अपराध की दुनिया की ओर आकर्षित कर सकता है।
याचिका में ओटीटी (OTT) कंटेंट के लिए प्री-सर्टिफिकेशन की कमी का मुद्दा भी उठाया गया है और इसके लिए सख्त दिशा-निर्देशों की मांग की गई है। हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई 24 अप्रैल को तय की गई है, जहां वेब सीरीज के निर्माताओं को वड़िंग के आरोपों का जवाब देना होगा।
ZEE5 को भी लिखा पत्र
अदालत का रुख करने से पहले राजा वड़िंग ने ZEE5 की शिकायत अधिकारी अक्षय जोशी को एक औपचारिक पत्र लिखकर इस सीरीज के प्रसारण को तुरंत निलंबित करने की मांग की थी। अपने पत्र में उन्होंने कहा, "मुझे प्रचार सामग्री और विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि यह सीरीज कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के जीवन पर आधारित है। वह एक संगठित आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा है और उसके खिलाफ अदालतों में कई गंभीर मामले लंबित हैं। इस सीरीज का विवरण ही यह दर्शाता है कि यह एक अपराधी का महिमामंडन करेगी, जो अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने के समान है।"
क्या है 'लॉरेंस ऑफ पंजाब'?
इस वेब सीरीज का शीर्षक हॉलीवुड की क्लासिक फिल्म 'लॉरेंस ऑफ अरबिया' के नाम पर आधारित है। सीरीज में लॉरेंस बिश्नोई के एक छात्र नेता से खूंखार गैंगस्टर बनने तक के सफर को दिखाया गया है। बिश्नोई तब राष्ट्रीय सुर्खियों में आया था जब उसने 90 के दशक के काला हिरण शिकार मामले को लेकर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी और उन पर हमले की साजिश रची थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन