पंजाब में टारगेट किलिंग? अमृतसर में बीच सड़क पर ASI की गोली मारकर हत्या
घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। एसएसपी सुहेल मीर कासिम, डीएसपी कमलमीत सिंह और एसएचओ करमपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पंजाब के अमृतसर के मजीठा में रविवार को एक सनसनीखेज वारदात हुई है। यहां ड्यूटी पर जा रहे पंजाब पुलिस के एक एएसआई की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान जोगा सिंह के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। हत्यारों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। अभी तक हमलावरों के बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है। पुलिस इसे पुरानी रंजिश और टारगेट किलिंग जैसे हमले जैसी घटना से इनकार नहीं कर रही है।
एएसआई जोगा सिंह गुरदासपुर के बांगर में गांव घणिए के रहने वाले थे। वह ट्रैफिक विभाग में तैनात थे और रविवार को अपनी स्कूटी पर ड्यूटी के लिए अमृतसर जा रहे थे। मजीठा से करीब 1 किलोमीटर पहले बाइक पर आए 2 अज्ञात हमलावरों ने उनकी स्कूटी को रास्ते में घेरा। इसके बाद उन पर फायरिंग कर दी। इस दौरान जोगा सिंह को दो गोलियां लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनकी उम्र लगभग 45 साल बताई जा रही है। वे कई सालों से पंजाब पुलिस में सेवाएं दे रहे थे। हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
पुलिस विभाग में हड़कंप
घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। एसएसपी सुहेल मीर कासिम, डीएसपी कमलमीत सिंह और एसएचओ करमपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई, जिसने सबूत जुटाए। गोलियों के खोल भी मौके से बरामद हुए हैं। अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी ने कहा कि हमलावरों की पहचान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही गिरफ्तारियां होंगी। अभी तक हमलावरों के मकसद या पहचान के बारे में कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस विभिन्न एंगल से जांच कर रही है, जिसमें व्यक्तिगत दुश्मनी या संगठित अपराधी गिरोह की संभावना शामिल है।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन