पंजाब: बैलेट पेपर से हुए चुनाव, विपक्ष का मान सरकार पर धांधली, बूथ कैप्चरिंग का आरोप
पंजाब में जिला और पंचायत चुनाव बैलेट पेपर के जरिए संपन्न हुए। इन्हें लेकर विपक्षी शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस पार्टी ने मान सरकार पर बूथ कैप्चरिंग और धांधली का आरोप लगाया है। एसएडी ने इन आरोपों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग में शिकायत दी है।

पंजाब में हुए मतपत्रों से हुए स्थानीय निकाय चुनाव में जमकर राजनीतिक खींचतान देखने को मिली। विपक्षी दल शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी पर चुनाव में बड़े स्तर पर धांधली और बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया। विपक्ष इन आरोपों को केवल उछालने तक ही सीमित नहीं रहा बल्कि इनकी शिकायत राज्य चुनाव आयोग में भी दर्ज कराई।
ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक शिरोमणि अकाली दल ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का हवाला देते हुए राज्य चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करवाने के बाद अपनी बात मीडिया के सामने रखी। एसएडी के मुख्य प्रवक्ता दलजीत चीमा ने दावा किया कि फतेहगढ़ साहिब से आम आदमी पार्टी के एक उम्मीदवार ने मतदान शुरू होने से लगभग 10 घंटे पहले ही मतपत्र सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए थे। इन तस्वीरों में मुद्रित क्रम संख्या वाले मतपत्र दिखाई दे रहे हैं। एसएडी ने गुरदासपुर के एक बूथ का वीडियो भी जारी किया है, जहां मतदान कर्मचारी बाहर थे और कथित तौर पर एक अज्ञात व्यक्ति अंदर मतदान कर रहा था।
कांग्रेस पार्टी के राज्य अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने भी सोशल मीडिया पर इन चुनावों में हुई धांधली को उजागर किया। उन्होंने लिखा, "जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों में आम आदमी पार्टी द्वारा हमारे उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं के साथ किया जा रहा अवैध व्यवहार पूरी तरह अस्वीकार्य है। मैं कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि पार्टी हर परिस्थिति में आपके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।"
बैलेट पेपर के जरिए हुए इन चुनावों में धांधली और मतो की गुमशुदगी की कई शिकायतें सामने आई हैं। लगातार आती शिकायतों के बीच राज्य सरकार ने गुरुदासपुर के चाहियां, मुक्तसर के बाबनिया, मधीर और बरनाला के चाननवाल पर फिर से मतदान करवाने का आदेश दिया है। अब यह मतदान मंगलवार को होगा। आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक इस चुनाव में 50 फीसदी से ज्यादा लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया था, हालांकि अंतिम आंकड़े अभी तक जारी नहीं किए गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन